ग़ालिबफ़ का ट्रंप पर पलटवार: 'अपनी SNAP सलाह अपने पास रखें'
तेहरान,(ईरान)। ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने ईरान की अर्थव्यवस्था और खाद्य स्थिति को लेकर बयान दिया था। ग़ालिबफ़ ने ट्रंप के बयान को खारिज करते हुए उन पर अमेरिका की घरेलू समस्याओं को नजरअंदाज कर ईरान पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किया पोस्ट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए ग़ालिबफ़ ने कहा, “ज़रा सोचिए, आपके अपने देश में 40 लाख से अधिक लोग खाद्य सहायता पर निर्भर हैं और आप किसी दूसरे देश को भूखा बताते हैं। यह कोई तथ्य नहीं, बल्कि सिर्फ एक अनुमान है। अपनी SNAP सलाह अपने पास रखिए।” उन्होंने आगे कहा, “हमारी संपत्ति, हमारे फैसले। पहले कुपोषण दर पर ध्यान दें।”
ट्रंप के हालिया इंटरव्यू के बाद आई प्रतिक्रिया
यह प्रतिक्रिया ट्रंप के हालिया इंटरव्यू के बाद आई, जिसमें उन्होंने दावा किया था, कि ईरान की अर्थव्यवस्था गंभीर संकट में है और वहां अत्यधिक महंगाई है। ट्रंप ने यह भी कहा था, कि ईरान को भोजन, विशेष रूप से मक्का, गेहूं और सोयाबीन की आवश्यकता है, और भविष्य में अमेरिका इन आवश्यकताओं की आपूर्ति कर सकता है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत में तेहरान लगभग सभी अमेरिकी शर्तों को मानने के करीब है, जिनका मुख्य उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है।
सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम पर कथित धोखाधड़ी के कारण वित्तीय दबाव
इस बीच, अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका का सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (SNAP), जिसे फूड स्टैम्प प्रोग्राम भी कहा जाता है, भुगतान त्रुटियों और कथित धोखाधड़ी के कारण वित्तीय दबाव का सामना कर रहा है। रिपोर्टों में बताया गया है, कि अमेरिकी कृषि विभाग ने वित्त वर्ष 2025 के लिए SNAP की भुगतान त्रुटि दर 10.6 प्रतिशत बताई है, जिसके कारण अरबों डॉलर के गलत भुगतान हुए। हालांकि, सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है, कि इन आंकड़ों की व्याख्या भ्रामक तरीके से की जा रही है और इससे कमजोर वर्गों के लिए खाद्य सहायता प्रभावित हो सकती है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम विदाई समारोह में ग़ालिबफ़ और अराग़ची हुए भावुक