होर्मुज जलडमरूमध्य खुला है, लेकिन नौसेना से तालमेल जरूरी: ईरान
नई दिल्ली। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने गुरुवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्रीय तनाव बढ़ने और अमेरिका द्वारा ईरान के बंदरगाहों पर लगाए गए अवैध नाकाबंदी के मद्देनजर रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने के लिए जहाजों को ईरानी नौसेना के साथ समन्वय करना होगा।
ईरानी नौसेना से समन्वय जरूरी, तनाव के बीच बढ़ी निगरानी
नई दिल्ली में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले प्रेस टीवी को दिए एक इंटरव्यू में अराघची ने कहा, "होर्मुज जलडमरूमध्य इस समय अमेरिकी आक्रामकता और उसके द्वारा लगाई गई नाकाबंदी से सबसे ज्यादा प्रभावित है।" उन्होंने आगे कहा, "हमारी राय में, होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला है लेकिन उन्हें हमारी नौसेना के साथ सहयोग करना होगा।"
हमने समुद्री आवागमन को नहीं किया बाधित: ईरान
ईरानी विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि तेहरान ने इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग में समुद्री आवागमन को बाधित नहीं किया है, जहां से वैश्विक तेल शिपमेंट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा गुजरता है। उन्होंने आगे कहा कि ईरान ने कोई बाधा नहीं खड़ी की है। यह अमेरिका की नाकाबंदी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका द्वारा लगाई गई इस नाकाबंदी के हटते ही यह स्थिति समाप्त हो जाएगी।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव
उनकी यह टिप्पणी खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और समुद्री सुरक्षा तथा ऊर्जा आपूर्ति मार्गों, विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के ज़रिए होने वाली आवाजाही पर अंतरराष्ट्रीय ध्यान बढ़ने के बीच आई है। ईरान और ओमान के बीच स्थित यह जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा व्यापार के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है और क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के बीच ईरान और अमेरिका के बीच सत्ता संघर्ष का केंद्र रहा है। (एएनआई)
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mamata-banerjee-alleges-assault-inside-calcutta-high-court/204651