ICC ने ठुकराई बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की वेन्यू बदलने की मांग, भारत में ही खेलने होंगे टी-20 वर्ल्ड कप मैच
मुंबई। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेन्यू बदलने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मांग को खारिज कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग रखी थी। लेकिन आईसीसी ने साफतौर पर कहा है कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट खेलने के लिए भारत ही आना होगा। अगर उसने ऐसा नहीं किया तो उसके फिर अंक कटेंगे।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अभिनेताम शाहरुख खान की टीम केकेआर से अपने खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर किए जाने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था और ICC से अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की अपील की थी।
बांग्लादेश को भारत में ही खेलने होंगे वर्ल्ड कप के मैच
सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार ICC अध्यक्ष जय शाह और कुछ अन्य अधिकारियों ने मुंबई में मंगलवार को इस मसले पर बैठक की थी। उन्होंने पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की। बैठक के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से विचार विमर्श किया गया। ICC ने साफतौर पर कहा कि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और बांग्लादेश को भारत में ही वर्ल्ड कप के मैच खेलने होंगे, नहीं तो उसे अंक गंवाने होंगे।
9.20 करोड़ रुपए में खरीदे गए थे बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान
मालूम हो कि IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 16 दिसंबर को बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के कारण भारत में मुस्तफिजुर का विरोध होने लगा। अब तक वहां 6 हिंदुओं की हत्या कर दी गई है। इस कारण भारत में बांग्लादेश के खिलाड़ी को लेकर विवाद हो गया था। बाद में BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी और 3 जनवरी को KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया।
बांग्लादेश सरकार ने IPL के प्रसारण पर लगाया बैन
कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिजुर को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने IPL के प्रसारण पर बैन लगा दिया। साथ ही भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से भी इनकार कर दिया और ICC को वेन्यू बदलने के लिए ई-मेल भेजा।
ICC के साथ मिलकर समाधान निकालने के लिए प्रयासरत BCB
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड - ICC के साथ मिलकर समाधान निकालने के लिए प्रयासरत है । बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की भागीदारी से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए उसके साथ मिलकर काम करने को तैयार है। ICC ने दोहराया है कि वह टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की पूर्ण और बिना किसी रुकावट के भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
टी-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप-सी में है बांग्लादेश
बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ने वाली हैं। तीनों मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने हैं। वहीं टीम का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल से होना है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/voter-revision-drive-time-extended-for-panchayat-elections-in-up/103972