इमरान ने देशव्यापी आंदोलन किया आह्वान, पाक में फिर हिंसक विरोध प्रदर्शनों का दौर शुरू होने की आशंका
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने समर्थकों से देशभर में विरोध प्रदर्शन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। इस बीच, इमरान की पार्टी पीटीआई ने इमरान खान की रिहाई के लिए देशव्यापी बंद और विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रमुख अंग्रेजी दैनिक 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान ने अपने समर्थकों से देश भर में विरोध प्रदर्शन के लिए तैयार रहने को कहा है।
इमरान ने लीगल टीम के जरिए दिया आंदोलन का संदेश
खान के पास अभी अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स का एक्सेस नहीं है। उन्होंने अपनी लीगल टीम के जरिए अपना मैसेज दिया है। 'एक्स' पर एक पोस्ट में खान और उनके वकील के बीच हुई बातचीत का जिक्र है। इमरान की पार्टी पीटीआई के फाउंडर ने खैबर पख्तूनख्वा के चीफ मिनिस्टर सोहेल अफरीदी को एक बड़े जनआंदोलन की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, 'मैंने (खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री) सोहेल अफरीदी को सड़क आंदोलन की तैयारी करने का संदेश भेजा है। पूरे देश को अपने अधिकारों के लिए उठ खड़ा होना होगा।'
फैसले पर नाराज़गी जताते हुए हाईकोर्ट जाने का किया ऐलान
खान ने कहा कि उनके खिलाफ आए फैसले से उन्हें कोई हैरानी नहीं हुई और उन्होंने अपनी लीगल टीम को इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाने का निर्देश पहले ही दे दिया है। उन्होंने कहा, 'पिछले तीन सालों के बेबुनियाद फैसलों और सजाओं की तरह तोशखाना-II का फैसला भी मेरे लिए कोई नई बात नहीं है। यह फैसला जज ने बिना किसी सबूत और कानूनी जरूरतों को पूरा किए जल्दबाजी में दिया। उनकी लीगल टीम की बात सुनी भी नहीं गई।'
पीटीआई का देशव्यापी बंद रिहाई के लिए अंतिम संवैधानिक प्रयास
इस बीच, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी यानी (पीटीआई) ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई के लिए देशव्यापी बंद और विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। देश भर में एक साथ होने वाले प्रदर्शनों से पहले पार्टी ने सभी लोगों को इकठ्ठा होने के आदेश जारी किए हैं। पीटीआई के सीनियर नेताओं ने प्रस्तावित आंदोलन को इमरान खान को आजाद कराने के लिए आखिरी संवैधानिक कोशिश बताया है। आंदोलन की घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब शनिवार को पाकिस्तान की अदालत ने इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को भ्रष्टाचार के मामले में 17 साल की सजा सुनाई है।