इटली में बढ़ते प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास की एडवाइजरी, पीएम मेलोनी बोलीं- 'हिंसा और आगजनी बर्दाश्त नहीं'
रोम (इटली)। इटली में जारी विरोध-प्रदर्शनों और हिंसक घटनाओं के बीच भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सोमवार को एक एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने नागरिकों को सतर्क रहने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
दूतावास की चेतावनी और ताजा हालात
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एडवाइजरी में कहा, "पिछले हफ्ते इटली के कुछ शहरों में विरोध-प्रदर्शन हुए थे। हम भारतीय नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे सावधानी बरतें, भीड़-भाड़ वाली जगहों और उन इलाकों से दूर रहें जहां प्रदर्शन हो रहे हैं। साथ ही, स्थानीय समाचारों पर लगातार नज़र रखें।"
हिंसा फैलाने वालों पर भड़कीं पीएम मेलोनी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हालिया हिंसक घटनाओं की कड़ी निंदा की है। रविवार को उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों को ऐसे उपद्रवियों का सामना करना पड़ रहा है जो संगठित समूहों के ज़रिए सार्वजनिक प्रदर्शनों का गलत फायदा उठाते हैं।
मेलोनी ने 'एक्स' पर लिखा, "एक बार फिर, सुरक्षा बलों के जवानों को अपराधियों की हिंसा का सामना करना पड़ा है। ये लोग प्रदर्शनों की आड़ में टकराव पैदा करते हैं और अराजकता फैलाते हैं।" उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि गुंडों को शहरों को तहस-नहस करने की छूट नहीं दी जा सकती।
लोकतांत्रिक अधिकार और हिंसक उपद्रव
शनिवार को पीएम मेलोनी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार की सराहना की। उन्होंने मिलान, ट्यूरिन और बोलोग्ना में हुई हिंसक घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर चीजें फेंकी और रेलवे स्टेशन तक को एहतियातन बंद करना पड़ा।
मेलोनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "विरोध करना अधिकार है, लेकिन हमारे शहरों में आग लगाना कोई अधिकार नहीं है। मैं विपक्ष से अपील करती हूं कि वे इस हिंसा की स्पष्ट रूप से निंदा करें और चुप्पी न साधें।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ओआईसी का दुर्भावनापूर्ण एजेंडा निंदनीय, हताश पाकिस्तान का घरेलू अराजकता से ध्यान हटाने का प्रयास