भारत-जापान संबंधों में गहराया भरोसा: मोदी ने ताकाइची को कहा “छोटी बहन”
नई दिल्ली,(भारत)। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के प्रवक्ता तोशिहिरो कितामुरा ने कहा, कि 16वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें “छोटी बहन” कहकर संबोधित करना दोनों नेताओं के बीच गहरे भरोसे और मजबूत व्यक्तिगत संबंधों का संकेत है।
ताकाइची के पद संभालने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा
उन्होंने बताया कि ताकाइची के पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा थी, जिसका एक प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के साथ आपसी विश्वास को और मजबूत करना था। इस यात्रा के दौरान हुई मुलाकातों को इस दिशा में सफल माना जा रहा है। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ताकाइची का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताते हुए भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। जवाब में जापानी प्रधानमंत्री ने भी दोनों देशों के रिश्तों को “भाई-बहन” जैसे भावनात्मक और भरोसेमंद संबंध के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही।
बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा
दोनों नेताओं ने बैठक में आर्थिक सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज और क्षेत्रीय सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के अंत में कई समझौतों और संयुक्त घोषणाओं पर सहमति बनी, जिनका उद्देश्य दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और विस्तार देना है। यह यात्रा 1 से 3 जुलाई तक भारत में हुई, जिसके दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः सुरक्षा कारणों से अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे मोजतबा खामेनेई