अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने पे

India-US Relations: तकनीकी और रक्षा साझेदारी बढ़ाने के लिए राजदूत विनय क्वात्रा ने कीं हाई-लेवल बैठकें

अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और पेंटागन में युद्ध नीति उप सचिव एलब्रिज कोल्बी

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने पेंटागन में युद्ध नीति उप सचिव एलब्रिज कोल्बी से बातचीत की। क्वात्रा ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में कोल्बी के सहयोग की सराहना की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में क्वात्रा ने कहा, "पेंटागन में युद्ध नीति उप सचिव एलब्रिज कोल्बी के साथ अच्छी बातचीत हुई। भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में उनके सहयोग की सराहना करता हूं। द्विपक्षीय रक्षा और रक्षा औद्योगिक सहयोग एजेंडा लागू करने के लिए अपने सहयोग को जारी रखने की उम्मीद है।"

वॉलमार्ट के अध्यक्ष से भी मिले भारतीय राजदूत

इससे पहले 9 जून को क्वात्रा ने बड़े कॉरपोरेट और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लीडर्स के साथ निवेश बढ़ानने, आपूर्ति शृंखला की मजबूती और उभरती प्रौद्योगिकियों पर चर्चा के लिए कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अलग-अलग पोस्ट में इन बैठकों का ब्योरा देते हुए भारतीय राजदूत ने अमेरिका के साथ नई दिल्ली की बढ़ती आर्थिक और तकनीकी साझेदारी की जानकारी दी। राजदूत क्वात्रा ने खुदरा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी वॉलमार्ट के अध्यक्ष और सीईओ क्रिस निकोलस से मुलाकात कर भारतीय बाजार में कंपनी की बढ़ती उपस्थिति पर विचार-विमर्श किया। राजदूत ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि उनकी "वॉलमार्ट के अध्यक्ष और सीईओ क्रिस निकोलस के साथ भारत में उनके निवेश, दीर्घकालिक विकास योजनाओं और मजबूत आपूर्ति शृंखलाओं के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता पर सार्थक बातचीत हुई।"

राजदूत विनय मोहन ने SCSP के अध्यक्ष यल्ली बज्रक्तारी से की मुलाकात

तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित एक बैठक में भारतीय राजनयिक ने स्पेशल कॉम्पिटिटिव स्टडीज प्रोजेक्ट (एससीएसपी) के अध्यक्ष और सीईओ यल्ली बज्रक्तारी से मुलाकात की। यह बातचीत बज्रक्तारी की आगामी नई दिल्ली यात्रा से पहले हुई, जहां प्रतिष्ठित भारत-अमेरिका फोरम में द्विपक्षीय तकनीकी संबंधों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक्स पर हुई चर्चा से मिली जानकारियों को साझा करते हुए राजदूत क्वात्रा ने बताया कि भारत-अमेरिका फोरम के लिए नई दिल्ली की अपनी आगामी यात्रा से पहले, उन्होंने एससीएसपी के अध्यक्ष और सीईओ बज्रक्तारी के साथ बातचीत की। क्वांटम सहित प्रौद्योगिकियों के विकास और भौतिक एआई सहित एआई के भविष्य और तकनीकी क्षेत्र में भारत-अमेरिका के बढ़ते सहयोग पर विचारों पर चर्चा की गई।