अमेरिका में भारतीय नागरिक पर ड्रग्स तस्करी का आरोप, पिज्जा दुकान से 40 पाउंड मेथामफेटामीन बरामद
वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिका में एक भारतीय नागरिक पर पिज्जा की दुकान की आड़ में बड़े पैमाने पर ड्रग्स तस्करी करने का आरोप लगा है। कैलिफोर्निया के दिनुबा में ‘राउंड टेबल पिज्जा’ रेस्तरां चलाने वाले 50 वर्षीय कवल प्रीत सिंह के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 40 पाउंड से ज्यादा मेथामफेटामीन, तीन हथियार और 10 हजार डॉलर से अधिक नकदी बरामद होने का दावा किया गया है। अमेरिकी न्याय मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे सिंह पर ड्रग्स तस्करी और तस्करी को बढ़ावा देने के लिए हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं।
रेस्तरां से मेथामफेटामीन बेचने का आरोप
अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 50 वर्षीय कवल प्रीत सिंह ने दिनुबा शहर में अपने ‘राउंड टेबल पिज्जा’ रेस्तरां से बड़ी मात्रा में मेथामफेटामीन (एक प्रकार का मादक पदार्थ) बेचा। उसके पास अवैध हथियार भी थे। न्याय मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि संघीय एजेंट ने 18 अगस्त को सिंह के घर और दुकान की तलाशी ली और इस दौरान 40 पाउंड से अधिक मेथामफेटामीन, तीन आग्नेयास्त्र और 10 हजार अमेरिकी डॉलर से अधिक नकदी जब्त की गई।
दोषी पाए जाने पर उम्रकैद तक की सजा
यदि सिंह दोषी पाया जाता है तो मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में उसे कम से कम 10 साल की अनिवार्य सजा और अधिकतम उम्रकैद हो सकती है। इसके अलावा उस पर एक करोड़ अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने के लिए हथियार रखने के जुर्म में उसे कम से कम पांच साल की अतिरिक्त अनिवार्य सजा हो सकती है। इस मामले में भी अधिकतम सजा उम्रकैद हो सकती है।
FBI और होमलैंड सिक्योरिटी ने की जांच
इस मामले की जांच संघीय जांच ब्यूरो (FBI) और होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस ने की। यह मामला ‘होमलैंड सिक्योरिटी टास्क फोर्स’ की उस पहल का हिस्सा है, जो अमेरिका और विदेशों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, विदेशी गैंग, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठनों और मानव तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों के तहत संचालित की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में विपक्ष ने 6-सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए 246 किलोमीटर लंबी मोटर रैली की शुरू