ईरान के विदेश मंत्री अरागची ने OIC बैठक में अमेरिक

'अमेरिका ने चुना आक्रामकता और आर्थिक युद्ध का रास्ता', OIC बैठक में बोला ईरान- नहीं सहेंगे दबाव

Iranian Foreign Minister Abbas Araghchi (File Photo)

बगदाद (इराक)। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने अमेरिका पर संप्रभुता के उल्लंघन और आर्थिक युद्ध थोपने का गंभीर आरोप लगाया है। बगदाद में आयोजित 'ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन' (OIC) की बैठक के दौरान अरागची ने साफ़ किया कि उनका देश किसी भी दबाव या धमकी के आगे नहीं झुकेगा, हालांकि "विश्वसनीय गारंटी" मिलने पर बातचीत का विकल्प खुला है।

OIC मंच से अमेरिका पर तीखा हमला

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, OIC विदेश मंत्रियों की परिषद को संबोधित करते हुए ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि वाशिंगटन ने कूटनीति की जगह आक्रामकता का रास्ता चुना है।

अरागची ने कहा, "अमेरिका ने आक्रामकता, धमकियों, लक्षित हत्याओं और आर्थिक युद्ध का मार्ग चुना है। यह अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर (UN Charter) का सरेआम उल्लंघन है।"

"दबाव स्वीकार नहीं, पर बातचीत को तैयार"

ईरानी विदेश मंत्री ने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "ईरान जबरदस्ती या डराने-धमकाने की नीति को स्वीकार नहीं करता और न ही दबाव में आकर अपने संप्रभु अधिकारों का त्याग करेगा। हालांकि, आपसी सम्मान और ठोस गारंटी के आधार पर हम संवाद के लिए अब भी तैयार हैं।"

इराकी नेतृत्व से मुलाकात और कूटनीतिक गतिरोध

ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, अरागची ने OIC सम्मेलन से इतर इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी से भी द्विपक्षीय वार्ता की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने अमेरिका पर वैश्विक कूटनीतिक प्रक्रियाओं में "बार-बार अड़ंगा लगाने" का आरोप लगाया।

राष्ट्रपति पेजेशकियान का कड़ा रुख

दूसरी ओर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने भी अमेरिकी रुख पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। अल जजीरा के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेशकियान ने दोहराया कि तेहरान "आक्रामक देशों की किसी भी मनमानी या ज्यादती के आगे सरेंडर नहीं करेगा।" ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: तकनीकी दिक्कतों और सुरक्षा चिंताओं के चलते ईरान-पाकिस्तान सीमा पर आवाजाही बंद