ट्रंप बोले- ईरान ने दिए हैं ढेरों प्रस्ताव मगर पर्याप्त नहीं
वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को अमेरिकी दूतों- जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ का पाकिस्तान दौरा अचानक रद्द करने के फैसले को जायज जायज ठहराया है। उन्होंने कहा कि तेहरान का प्रस्ताव अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हैं। पाम बिच हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा-'ईरान ने ढेरों प्रस्ताव दिए हैं लेकिन वे पर्याप्त नहीं हैं।'
20 साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकने पर सवाल
उनसे पूछा गया था कि क्या ईरान ने अमेरिका के उस प्रस्ताव पर वार्ता के टेबल पर लौटने का के लिए कोई प्रस्ताव दिया है कि वह कम से कम 20 साल तक यूरेनियम का संवर्धन नहीं करेगा। इसके पूर्व ट्रंप ने अमेरिकी दूतों - जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ का पाकिस्तान दौरा अचानक रद्द कर दिया था। ये दोनों अधिकारी ईरान के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद जाने वाले थे।
पाकिस्तान दौरा रद्द करने की बताईं वजहें
ट्रंप ने यात्रा रद्द करने के पीछे लंबी यात्रा, भारी खर्च और ईरान की ओर से बड़े नेताओं की कमी को वजह बताया। ट्रंप ने कहा कि वे फिजूलखर्ची पसंद नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने अधिकारियों को 18 घंटे की लंबी यात्रा पर सिर्फ उन लोगों से मिलने नहीं भेजेंगे जिन्हें कोई नहीं जानता।
युद्धविराम पर ट्रंप ने दिया टालमटोल जवाब
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका के पास बातचीत के लिए मजबूत स्थिति है। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही उन्होंने दौरा रद्द किया, उसके 10 मिनट के भीतर ईरान ने एक नया और बेहतर प्रस्ताव भेज दिया। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए। जब उनसे युद्धविराम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं सोचा है।
पाकिस्तान की मध्यस्थता को झटका
पाकिस्तान इस विवाद में मध्यस्थ बनने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसे लगातार झटके लग रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी नेताओं के बीच इस्लामाबाद में हुई 20 घंटे की बातचीत भी बेनतीजा रही थी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-fm-araghchi-to-visit-pakistan-again/179455