इजराइल ने वेस्ट बैंक की बस्तियों पर ब्रिटेन के प्र

इजराइल ने ब्रिटेन के खिलाफ की जवाबी कार्रवाई, वाणिज्य दूतावास बंद करने का फैसला

ब्रिटिश प्रतिबंधों पर भड़का इजराइल (ANI Photo)

तेल अवीव: द जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइल ने ब्रिटेन के खिलाफ कई जवाबी कार्रवाई की घोषणा की है, जिनमें पूर्वी यरुशलम में ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास को बंद करना और किरयात गाट में नागरिक-सैन्य समन्वय केंद्र (सीएमसीसी) से ब्रिटिश प्रतिनिधियों को निष्कासित करना शामिल है। ये कार्रवाई लंदन द्वारा कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इज़राइली बस्तियों पर लगाए गए प्रतिबंधों के बाद की गई है। 

इजराइल का ब्रिटेन पर पलटवार

समाचार रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइली विदेश मंत्री गिदोन सार ने इन उपायों की घोषणा की, जिनमें रामल्लाह में फिलिस्तीनी प्राधिकरण के सुरक्षा बलों के लिए ब्रिटिश सैन्य प्रशिक्षण को समाप्त करना और 12 ब्रिटिश निर्वाचित प्रतिनिधियों और अन्य नागरिकों को इज़राइल में प्रवेश करने से रोकना शामिल है। इज़राइली अधिकारियों ने इन गतिविधियों को यहूदी-विरोधी और इज़राइल-विरोधी गतिविधि करार दिया है। इन 12 व्यक्तियों में ब्रिटिश सांसद जेरेमी कॉर्बिन, ज़ारा सुल्ताना, नाज़ शाह, डायने एबॉट, हन्ना स्पेंसर, कार्ला डेनियर, सियान बेरी, एली चॉन्स, जॉन मैकडॉनल, रिचर्ड बर्गोन और एड्रियन रैमसे के साथ-साथ 'रिवरवे टू द सी' के निर्देशक फहद अंसारी भी शामिल हैं।

साअर ने ब्रिटेन के प्रतिबंधों को बताया चुनाव में हस्तक्षेप

साअर ने ब्रिटिश प्रतिबंधों को चुनाव में "स्पष्ट हस्तक्षेप" करार दिया और कहा कि ब्रिटेन और अन्य देशों द्वारा उठाए गए कदम संघर्ष के समाधान की संभावना को करीब लाने के बजाय और दूर धकेल रहे हैं। साअर ने कहा, इजराइल को ब्रिटिश जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। हम जानते हैं कि ब्रिटेन में हमारे कई दोस्त हैं। दुर्भाग्य से एक शत्रुतापूर्ण लेबर सरकार सत्ता में है, जो व्यवस्थित रूप से इजराइल राज्य के खिलाफ काम कर रही है और इसने हमें अंततः उसकी शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों का जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं छोड़ा है। इससे पहले इजराइली राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने ब्रिटिश प्रतिबंधों की आलोचना करते हुए उन्हें एक गंभीर गलत अनुमान और एक संप्रभु राष्ट्र के लोकतांत्रिक चुनावों में घोर हस्तक्षेप बताया था।

हर्ज़ोग ने प्रतिबंधों के बजाय संवाद की अपील की

हर्ज़ोग ने कहा, प्रतिबंध समाधान नहीं हैं- संवाद ही समाधान है। मैं सभी विदेशी सरकारों से कहता हूं, रुकिए! प्रतिबंधों और बहिष्कार के गतिरोध से बाहर निकलिए और रचनात्मक संवाद और सहयोग की ओर बढ़िए। सीएनएन के अनुसार, ब्रिटेन ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की है। ब्रिटिश विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने इस क्षेत्र में इजरायल की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि ये उपाय दोनों देशों के बीच संबंधों में एक नई शुरुआत का प्रतिनिधित्व करते हैं।

11 देशों ने इजरायली बस्तियों पर प्रतिबंध का समर्थन किया

ब्रिटिश कदम के साथ 11 पश्चिमी देशों का एक संयुक्त पत्र भी आया, जिसमें कहा गया कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अवैध मानी जाने वाली बस्तियों के साथ व्यापार पर इसी तरह के प्रतिबंध लगाएंगे या यूरोपीय प्रतिबंधों का समर्थन करेंगे। इस बीच संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा कि वह इजरायली बस्तियों पर प्रतिबंध लगाने में ब्रिटेन का अनुसरण नहीं करेगा। अल जज़ीरा के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वाशिंगटन इस क्षेत्र के लिए बहुत ही नाजुक समय में वेस्ट बैंक में हिंसा, संघर्ष या तनाव में वृद्धि नहीं देखना चाहता। 

(इनपुट: ANI)

ये भी पढे़ं- अमेरिका-कनाडा व्यापार विवाद में ट्रंप का बड़ा एक्शन, पांच निर्देश जारी