जॉर्डन के करक शहर में एक चर्च में अंतिम संस्कार के

जॉर्डन के करक में चर्च पर आतंकी हमला: अंतिम संस्कार के दौरान गोलीबारी में 7 की मौत, 34 घायल

Security personnel stand inside Al-Karak Government Hospital

अम्मान (जॉर्डन)। जॉर्डन के करक शहर में स्थित एक चर्च में उस वक्त कोहराम मच गया, जब अंतिम संस्कार के दौरान अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस भीषण आतंकी हमले में 7 बेकसूर लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हमौद गांव के चर्च को बनाया गया निशाना

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह खूनी खेल हमौद गांव के एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च के भीतर खेला गया। यहां एक गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी, तभी हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया और लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

राजा अब्दुल्ला का फूटा गुस्सा, कहा- मिलेगा करारा जवाब

देश के राजा अब्दुल्ला बिन हुसैन द्वितीय ने इस कायराना हरकत पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस हमले का सबसे कठोर बदला लिया जाएगा।

राजा अब्दुल्ला ने कड़े शब्दों में कहा, "जो लोग यह सोचते हैं कि वे अपनी गोलियों से जॉर्डन के लोगों को बांट सकते हैं, वे हमारी एकता के सामने कभी सफल नहीं होंगे। उत्तर से दक्षिण तक, जॉर्डन के सभी लोग एक ही जमीन और एक ही किस्मत से जुड़े हैं। हर नागरिक का जीवन अनमोल है, और जो कोई भी देश को धमकाएगा, हम उसके खिलाफ लोहे जैसी सख्ती से पेश आएंगे।"

वैश्विक स्तर पर हमले की कड़ी निंदा

इस जघन्य घटना पर वैश्विक नेताओं ने भी गहरा दुख और आक्रोश जताया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि पूजा स्थल की पवित्रता को भंग करने वाला यह एक घिनौना कृत्य है।

प्रधानमंत्री कार्नी ने बयान जारी कर कहा, "कनाडा इस हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा करता है। मारे गए लोगों के परिवारों, घायलों और ग्रीक ऑर्थोडॉक्स समुदाय के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।"

संयुक्त राष्ट्र की कड़ी प्रतिक्रिया

वहीं, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी इस आतंकी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ किया कि नागरिकों और धार्मिक स्थलों पर हमले किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं।

गुटेरेस ने कहा, "धार्मिक स्थल शांति के पावन स्थल होने चाहिए और सभी के लिए सुरक्षित होने चाहिए। नागरिकों व पूजा स्थलों पर हमले असहनीय हैं। संयुक्त राष्ट्र इस मुश्किल समय में जॉर्डन की जनता और सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।" ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमले का किया दावा