ईरान में राजनीतिक संकट गहराया! सर्वोच्च नेता मोजतब

ईरान में राजनीतिक संकट: खमेनेई ने पेजेशकियन को 'आखिरी अल्टीमेटम' दिया, IRGC कमांडर का किया समर्थन

Iran’s Supreme Leader Ayatollah Mojtaba Khamenei (File Photo)

तेहरान (ईरान)। क्षेत्रीय संघर्ष और पश्चिम एशिया पर अमेरिका के साथ चल रही कूटनीतिक बातचीत के बीच तनाव बढ़ने के साथ ही, ईरान में नई राजनीतिक मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इजराइली मीडिया की खबरों के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कथित तौर पर राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन को "आखिरी अल्टीमेटम" दिया है और बातचीत व संघर्ष से जुड़े अहम फैसलों पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर अहमद वाहिदी का समर्थन किया है।

राष्ट्रपति पेजेशकियन के इस्तीफे की कोशिश और बढ़े मतभेद

इजरायली मीडिया चैनल 14 ने तेहरान के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन का राजनीतिक रसूख काफी हद तक कम कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने एक बार फिर अपने पद से इस्तीफा देने की कोशिश की, लेकिन इस बार सर्वोच्च नेता खामेनेई ने उन्हें रोकने या इस फैसले से पीछे हटने के लिए मनाने से साफ इनकार कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियन ने ईरान के नेतृत्व के साथ नीतिगत मतभेदों के दौरान बार-बार इस्तीफे की धमकी दी थी और मई में औपचारिक रूप से इस्तीफा देने की कोशिश की थी। उनका कहना था कि राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के फैसलों से उनके प्रशासन को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया था।

रणनीतिक फैसलों में IRGC की बढ़ती भूमिका

चैनल 14 का दावा है कि खामेनेई का हालिया रुख ईरान के सैन्य प्रतिष्ठान के साथ पूरी तरह से तालमेल का संकेत देता है, जिससे राष्ट्रपति के पास रणनीतिक नीति-निर्माण को प्रभावित करने की बहुत कम गुंजाइश बची है। चैनल 14 ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से यह भी बताया कि तेहरान ने अमेरिका के प्रति सख्त रुख अपनाया है और IRGC कमांडर अहमद वाहिदी का तरीका अब असल में सरकार की आधिकारिक नीति बन गया है।

अमेरिका पर सख्त रुख, वाहिदी को मिली अहम जिम्मेदारी

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राजनीतिक नेतृत्व और IRGC के बीच मतभेद काफी हद तक कम हो गए हैं और सर्वोच्च नेता ने कथित तौर पर अमेरिका से जुड़े बड़े फैसलों पर वाहिदी को अंतिम निर्णय लेने का अधिकार दे दिया है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ईरानी नेताओं का मानना ​​है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले कोई बड़ा नीतिगत बदलाव नहीं करेंगे। इसलिए तेहरान अधिकतम दबाव बनाए रखने के साथ-साथ अपनी रणनीतिक और आर्थिक ताकत को अधिकतम करने की कोशिश कर रहा है।

तेहरान-वॉशिंगटन के बीच केवल अप्रत्यक्ष संपर्क जारी

उन्हीं सूत्रों का हवाला देते हुए, चैनल 14 ने बताया कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिकी विशेष दूतों - खासकर स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनर - के बीच अप्रत्यक्ष आदान-प्रदान तक ही सीमित है, साथ ही कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशें भी जारी हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि फिलहाल कोई औपचारिक बातचीत नहीं चल रही है।

ट्रंप का दावा- कूटनीति के चलते टला संभावित सैन्य हमला

यह रिपोर्ट तब आई है जब ट्रंप ने ईरान को समझौते तक पहुंचने के लिए आखिरी मौका दिया है। वाशिंगटन ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर से कूटनीति का रास्ता अपनाने के अनुरोध मिलने के बाद ईरान पर नियोजित सैन्य हमले को रोक दिया है। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि कूटनीतिक कोशिशों की वजह से हमले को रोकने से पहले अमेरिका ईरान के खिलाफ एक बड़ा मिलिट्री ऑपरेशन शुरू करने के लिए तैयार था।

ट्रंप ने दिया समझौते का आखिरी मौका

यह दावा करते हुए कि ईरान के कहने पर बातचीत चल रही थी, ट्रंप ने कहा, "हम अभी बात कर रहे हैं और हम ईरान के कहने पर बात कर रहे हैं, जिसे सऊदी अरब, UAE और खासकर कतर का समर्थन प्राप्त है, और दूसरे देशों का भी। कई देशों ने फोन किया है। वे सभी आखिरी मौका देना चाहते थे।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि अमेरिकी अधिकारियों के साथ लंबी बैठकें करने के बावजूद ईरान ने पहले बातचीत में शामिल होने से इनकार किया था। उन्होंने आगे दावा किया कि कूटनीतिक दखल से पहले अमेरिका ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला करने के लिए तैयार था। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: ईरान ने मोसाद के लिए जासूसी के दोषी दो लोगों को दी फांसी