किम जोंग-उन ने परमाणु हथियार रखने के फैसला को ठहराया जायज
प्योंयांग (उत्तर कोरिया)। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग-उन ने परमाणु हथियार रखने के अपने देश के फैसले को जायज ठहराया है। उनका कहना है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका के युद्ध से यह साफ हो गया कि मजबूत सैन्य प्रतिरोधक क्षमता का होना जरूरी है। दक्षिण कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी - कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
अमेरिका पर आरोप—अलग-अलग क्षेत्रों में आतंक फैलाना
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने यह टिप्पणी मंगलवार को सर्वोच्च जनसभा में अपने भाषण में की। उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह अलग- अलग क्षेत्रों में आतंकवाद फैलाता है और हमले करता है। ईरान के खिलाफ युद्ध के संदर्भ में चर्चा के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं लिया।
परमाणु-सशस्त्र राज्य के रूप में मजबूती और आक्रामक रक्षा रणनीति
किम जोंग-उन ने कहा कि किसी देश की मर्यादा, हित और अंतत: विजय की गारंटी के लिए उसका मजबूत होना जरूरी है। पड़ोसी टकराव का रास्ता चुने या शांतिपूर्ण सह अस्तित्व का, यह उसकी पसंद है। हम उसकी हर चाहत का जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, "हम परमाणु-सशस्त्र राज्य के रूप में अपनी स्थिति को मजबूती से स्थापित करना जारी रखेंगे, यह एक अपरिवर्तनीय मार्ग होगा, साथ ही शत्रुतापूर्ण ताकतों के खिलाफ अपने संघर्ष को आक्रामक रूप से तेज करेंगे।"