मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने सार्क को फिर सक्

मालदीव ने सार्क को फिर से सक्रिय करने की वकालत, क्षेत्रीय शांति के लिए संवाद पर दिया जोर

Maldives Stresses SAARC Regional Cooperation

माले: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने रविवार को दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) को फिर से सक्रिय करने की अपील करते हुए सदस्य देशों से क्षेत्रीय शांति और सहयोग के हित में आपसी मतभेदों को संवाद के माध्यम से सुलझाने का आग्रह किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उठाया मुद्दा

मुइज़्ज़ू ने यह बात मालदीव के 61वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने सार्क के भीतर लंबे समय से जारी गतिरोध का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी सदस्य देशों को बातचीत की मेज पर लौटना चाहिए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने कहा कि मालदीव सार्क के मौजूदा गतिरोध को खत्म करने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

विदेश नीति और शांतिपूर्ण समाधान पर जोर

43 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले 113 राजनयिकों को संबोधित करते हुए मुइज़्ज़ू ने मालदीव की विदेश नीति पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सभी विवादों का समाधान शांतिपूर्ण संवाद के जरिए करने की अपील की।

बांग्लादेश ने भी जताया था समर्थन

इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश ने भी दक्षिण एशियाई सहयोग को मजबूत करने का समर्थन किया था। बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद ने कहा था कि संगठन को मजबूत कार्यान्वयन क्षमता, अधिक वित्तीय संसाधन, प्रभावी तंत्र और बेहतर फॉलो-अप व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि बांग्लादेश सार्क सदस्य देशों से चर्चा के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और मंत्रिपरिषद के विशेष सत्र की संभावना पर विचार कर रहा है।

आठ देशों का क्षेत्रीय संगठन है सार्क

सार्क दक्षिण एशिया का एक क्षेत्रीय राजनीतिक और आर्थिक संगठन है, जिसके सदस्य अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग, आर्थिक विकास और एकीकरण को बढ़ावा देना है।

सीमा पार आतंकवाद से बढ़ा गतिरोध

हाल के वर्षों में सार्क की गतिविधियां काफी धीमी पड़ी हैं। इसका प्रमुख कारण पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद से जुड़े मुद्दों को माना जाता है, जिसके चलते संगठन के भीतर लंबे समय से गतिरोध बना हुआ है।

ANI

यह भी पढ़े: सिएटल फूड फेस्टिवल में गोलीबारी, 2 की मौत; कई घायल, 2 साल का बच्चा भी शामिल