इजरायल के हाइफा में मिसाइल हमला, दो मरे
हाइफा (इजराइल)। हाइफा में ईरान के मिसाइल हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य अब भी लापता हैं। हमले के बाद पूरे मध्य इजरायल में लगातार हवाई हमले के सायरन बजते रहे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
रातभर चला राहत-बचाव अभियान
रविवार को ईरान ने इजरायल पर चार मिसाइलें दागीं। इनमें से एक भारी मिसाइल हाइफा के एक रिहायशी अपार्टमेंट ब्लॉक पर आकर गिरी, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया। हादसे के बाद इमारत का बचा हुआ हिस्सा भी अस्थिर हो गया, जिससे राहत और बचाव कार्य काफी मुश्किलभरा हो गया।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
राहत-बचाव दल ने पूरी रात मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। सोमवार सुबह तक चले अभियान में दो शव बरामद किए गए, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, हालात को देखते हुए बचाव कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
फिर हमले की आशंका, बजते रहे सायरन
इजरायली सेना ने ईरान की ओर से और मिसाइलें दागे जाने की आशंका जताई है। इसी वजह से मध्य इजरायल में बार-बार सायरन बजाए जा रहे हैं। सोमवार सुबह भी तीन मिसाइलों का पता लगाया गया, जिनमें से अधिकांश को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया, जबकि कुछ खुले इलाकों में गिरीं।
रणनीतिक रूप से बेहद अहम है हाइफा
हाइफा, उत्तरी इजरायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है और भूमध्य सागर के तट पर स्थित एक अहम औद्योगिक व बंदरगाह केंद्र है। माउंट कार्मेल की ढलानों पर बसे इस शहर का रणनीतिक महत्व इसे बार-बार हमलों का निशाना बनाता है। यह क्षेत्र लेबनान सीमा के करीब होने के कारण हिज़्बुल्लाह के रॉकेट हमलों की जद में भी रहता है।
यह भी पढ़े: हॉर्मुज की स्थिति अब स्थायी, ईरान ने कहा
https://www.primenewsnetwork.in/world/hormuz-situation-now-permanent-says-iran-navy/154886