नेपाल के रसुवा में भोटे कोशी नदी की अचानक बाढ़ से

नेपाल के रसुवा में भोटे कोशी नदी की फ्लैश फ्लड से तबाही, 105 भारतीयों समेत 384 लापता

Visual of the flash floods

काठमांडू (नेपाल)। नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह भोटे कोशी नदी में आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक प्रभावित इलाकों से कुल 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना मिली है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। इनमें करीब 105 भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि ये शुरुआती आंकड़े हैं और सभी मामलों की पुष्टि की जा रही है।

भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़

नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा इलाके में भोटे कोशी नदी में अचानक फ्लैश फ्लड आया। इसके बाद नेपाल पर्यटन बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रभावित इलाकों में मौजूद या वहां से गुजर रहे पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा तथा उनके ठिकाने की जानकारी जुटाने का काम शुरू किया।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपडेट जारी कर कहा कि पर्यटन और ट्रैवल कंपनियों से मिले शुरुआती एजेंसी-वार रिकॉर्ड में 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना सामने आई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इस जानकारी को ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर सत्यापित और क्रॉस-चेक किया जा रहा है।

For assistance and information related to Indian nationals that have been affected by the flash floods in Nepal today, the following emergency numbers may be contacted:

+977 985 131 6807

+977 970 910 7500@MEAIndia
— IndiaInNepal (@IndiaInNepal) August 26, 2026

105 भारतीय नागरिकों के लापता होने की सूचना

शुरुआती सूची में करीब 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा नेपाल पर्यटन बोर्ड की 'रिपोर्टेड मिसिंग' सूची में हिमालयन ग्लेशियर क्षेत्र (Himalayan Glacier Area) से 37 एनआरआई के लापता होने का भी जिक्र है। हालांकि, इन आंकड़ों को फिलहाल अंतिम नहीं माना जा सकता। नेपाल पर्यटन बोर्ड ने खुद इसे शुरुआती एजेंसी-वार रिकॉर्ड बताया है और कहा है कि प्रभावित यात्रियों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ सत्यापन जारी है।

सात लोगों की मौत की पुष्टि, 25 का रेस्क्यू

'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार सुबह आई भीषण बाढ़ के बाद अब तक कम से कम 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बाढ़ ने रसुवा जिले में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार दोपहर तक कम से कम 25 लोगों को बचाया जा चुका था। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

14 हेलीकॉप्टरों से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन

बचाव अभियान में नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों ने प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान के लिए 14 हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया है। इसी बीच, चीन-नेपाल सीमा के पास टिमुरे में तैनात सशस्त्र पुलिस बल के नौ जवानों के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। इससे बाढ़ की गंभीरता और प्रभावित क्षेत्र में बचाव अभियान की चुनौती का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने प्रभावित पर्यटकों और उनके परिजनों के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। बोर्ड ने कहा, "सहायता के लिए टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर 1234 पर संपर्क करें। हॉटलाइन नंबर 1144 और टूरिस्ट पुलिस का नंबर 9851289445 है। निकटतम पुलिस या सुरक्षा अधिकारी, स्थानीय प्रशासन, ट्रैवल एजेंसी, गाइड या टूर ऑपरेटर को सूचना दें। पर्यटकों से शांत रहने, स्थिति की जानकारी लेते रहने और आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।"

भारतीय दूतावास ने भी जारी किए इमरजेंसी नंबर

नेपाल में भारतीय नागरिकों के प्रभावित होने की जानकारी के बीच भारतीय दूतावास ने भी आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। दूतावास ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि नेपाल में आज आई फ्लैश फ्लड से प्रभावित भारतीय नागरिकों से संबंधित सहायता और जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। दूतावास ने संपर्क के लिए +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 नंबर जारी किए हैं। इस बीच नेपाली अधिकारी प्रभावित इलाकों में फंसे यात्रियों का पता लगाने और उनकी सुरक्षा स्थिति की पुष्टि करने में जुटे हैं।

आंकड़ों की पुष्टि का काम जारी

फिलहाल सबसे अहम चुनौती लापता बताए जा रहे यात्रियों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति की पुष्टि करना है। नेपाल पर्यटन बोर्ड ने साफ किया है कि 384 यात्रियों का आंकड़ा प्रारंभिक रिकॉर्ड पर आधारित है और अलग-अलग एजेंसियों से मिली सूचनाओं को आपस में मिलाकर सत्यापन किया जा रहा है। फ्लैश फ्लड के बाद बड़े पैमाने पर चल रहा खोज और बचाव अभियान इस बात पर केंद्रित है कि प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों तक जल्द से जल्द पहुंच बनाई जाए तथा लापता लोगों की स्थिति स्पष्ट की जा सके। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: बिहार में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी; मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक