नेपाल में आम चुनाव 2026 का मतदान संपन्न, अब नतीजों का इंतज़ार
काठमांडू (नेपाल)। नेपाल के आम चुनाव 2026 के लिए मतदान गुरुवार को देश भर के मतदान केंद्रों पर बैलेट बॉक्स को बंद करने और सील करने के साथ संपन्न हो गया। मतदान अधिकारियों ने स्थानीय समय अनुसार शाम 5 बजे मतदान खत्म होने के बाद बैलेट बॉक्स को सील करने की प्रक्रिया पूरी की, जिससे चुनावी प्रक्रिया का समापन हो गया। यह महत्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया देश के सभी 77 जिलों में एक ही चरण में कराई गई। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था।
1.9 करोड़ मतदाता और युवाओं की बड़ी भागीदारी
स्थानीय मीडिया 'द काठमांडू पोस्ट' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा को चुनने के लिए कुल 1.9 करोड़ योग्य मतदाता इस चुनाव में भाग ले रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब कुल मतदाताओं में से 52 प्रतिशत की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच है। इससे यह साफ है कि इस बार के राष्ट्रीय चुनाव परिणामों पर युवाओं का बड़ा प्रभाव रहेगा। इस चुनाव में कुल 6,541 उम्मीदवार अलग-अलग चुनावी प्रणालियों के तहत मैदान में हैं।
दो अलग चुनावी प्रणालियों के तहत हजारों उम्मीदवार
फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट प्रणाली के तहत 165 सीटों के लिए 3,406 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 1,143 निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं। वहीं आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत आरक्षित 110 सीटों के लिए 63 राजनीतिक दलों ने कुल 3,135 उम्मीदवारों को सूचीबद्ध किया है। चुनाव आयोग ने पूरे देश में 10,963 मतदान केंद्रों पर 23,112 पोलिंग सेंटर बनाए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जल्द नतीजों का लक्ष्य
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 3,41,113 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 1.49 लाख अस्थायी "इलेक्शन पुलिस" भी शामिल हैं। इन्हें खास तौर पर चुनाव के लिए भर्ती किया गया है। चुनाव आयोग ने यह भी कहा है कि वे जल्दी परिणाम घोषित करने के लिए प्रतिबद्ध है और मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट प्रणाली के नतीजे प्रकाशित करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mamata-banerjee-accuses-centre-of-deceiving-matua-community/147385