दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक जोहान्सबर्ग के बेक

जोहान्सबर्ग के पास एक शराबखाने (टैवर्न) में अंधाधुंध गोलीबारी, 9 की मौत, 10 घायल

Nine killed, 10 injured in mass tavern shooting near Johannesburg

जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक जोहान्सबर्ग के बेकर्सडाल (Bekkersdal) टाउनशिप के एक शराबखाने में हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समयानुसार रविवार रात करीब 1 बजे हुई। दो वाहनों में सवार लगभग 12 हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और शराबखाने के अंदर मौजूद ग्राहकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। वारदात के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

राहत और बचाव कार्य जारी

स्थानीय पुलिस की आधिकारिक बयान के मुताबिक अज्ञात हमलावरों ने भागते समय बाहर सड़कों पर भी लोगों को निशाना बनाया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुँचाया गया, जहाँ कई लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान उजागर नहीं की गई है।

जांच और तलाशी अभियान

पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दी है। पूरे इलाके में पुलिस टीमें तैनात की गई हैं और फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। अभी तक हमले के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है।

लंबे समय से बंदूक हिंसा की समस्या से जूझ रहा दक्षिण अफ्रीका

बेकर्सडाल, जोहान्सबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और प्रमुख स्वर्ण-खनन क्षेत्रों के पास है। इस क्षेत्र में अक्सर हिंसक अपराध होते रहते हैं, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका लंबे समय से बंदूक हिंसा की समस्या से जूझ रहा है। सार्वजनिक स्थानों, विशेषकर शराबखानों में होने वाली ऐसी सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/rameswaram-railway-police-seize-10-kg-of-cannabis/101988

रामेश्वरम रेलवे पुलिस ने भुवनेश्वर एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से 10 किलो गांजा किया जब्त