पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर भीषण हिमस्खलन, मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा लापता होने की आशंका
इस्लामाबाद (पाकिस्तान)। CNN ने 'अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान' के बयान का हवाला देते हुए बताया है कि पाकिस्तान में ब्रॉड पीक पर भीषण हिमस्खलन (एवलांच) के बाद दुनिया के मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा के लापता होने की आशंका है। नेपाल में जन्मे इस पर्वतारोही ने 2019 में दुनिया की 8,000 मीटर से ऊंची सभी 14 चोटियों पर छह महीने से कुछ ज़्यादा समय में चढ़ाई करके दुनिया भर में ख्याति हासिल की थी।
8,047 मीटर ऊंची चोटी पर हुआ बड़ा हिमस्खलन
एक आधिकारिक बयान में, अल्पाइन क्लब ने पुष्टि की कि उन्हें ब्रॉड पीक पर पर्वतारोहियों की एक टीम के हिमस्खलन की चपेट में आने की बेहद चिंताजनक खबरें मिली हैं। यह घटना गुरुवार दोपहर के आसपास हुई। 8,047 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ब्रॉड पीक काराकोरम पर्वत श्रृंखला में स्थित है।
10 पर्वतारोहियों की टीम लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी
CNN की शुरुआती जानकारी के अनुसार, पर्वतारोहण दल में पाकिस्तान, ओमान, चीन और संयुक्त राज्य अमेरिका के नागरिकों सहित कुल 10 पर्वतारोही शामिल थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए, आधिकारिक घोषणा में कहा गया है कि हिमस्खलन के बाद से पूरी टीम से संपर्क टूट गया है। पर्वतारोहण संघ ने कहा कि वह तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू करने के लिए सरकार के उच्च अधिकारियों और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।
मौसम बना चुनौती, हेलीकॉप्टर से बचाव की कोशिशें तेज
अधिकारी आपातकालीन अभियान शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं। CNN ने बताया कि "मौसम और ऑपरेशन की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द हेलीकॉप्टर सहायता और बचाव के सभी उपलब्ध संसाधनों को जुटाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान में बढ़ी हिंसा, कई इलाकों में सुरक्षा बलों पर हमले और सैन्य अभियान तेज