ऑपरेशन अमिस्ताद: भूकंप के बाद वेनेजुएला में BHISHM पोर्टेबल अस्पताल क्यूब्स तैनात
नई दिल्ली,(भारत)। वेनेजुएला में आए भीषण भूकंपों के बाद भारत ने मानवीय सहायता के तहत तेजी से राहत अभियान ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है, जिसके तहत BHISHM पोर्टेबल अस्पताल क्यूब्स और आवश्यक चिकित्सा सामग्री भेजी गई है।
भारत शुरुआती राहत देने वाले देशों में शामिल
उत्तरी वेनेजुएला में हाल ही में आए भूकंपों ने भारी तबाही मचाई और सैकड़ों लोगों की जान ले ली, जिसके बाद भारत शुरुआती राहत देने वाले देशों में शामिल रहा। इस मिशन के जरिए भारत ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को एक बार फिर मजबूत किया है।
भारत ने राहत सामग्री एवं दवाईयां वेनेजुएला भेजे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के मार्गदर्शन में शुरू किया गया यह अभियान भारत की वैश्विक मानवीय भूमिका को दर्शाता है। भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमानों के जरिए राहत सामग्री, दवाएं, मेडिकल उपकरण और दो अत्याधुनिक BHISHM क्यूब्स वेनेजुएला भेजे गए।
आरोग्य मैत्री पहल का हिस्सा है, BHISHM क्यूब
BHISHM क्यूब, जो ‘आरोग्य मैत्री पहल’ का हिस्सा है, एक पोर्टेबल अस्पताल प्रणाली है जिसे आपदा क्षेत्रों में तुरंत तैनात किया जा सकता है। इसमें आघात देखभाल, सर्जरी, डायग्नोस्टिक सुविधाएं, ऑक्सीजन उत्पादन और अन्य जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस पूरे अभियान में रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और ग्रीन जीनोम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड जैसे संगठनों ने लॉजिस्टिक्स और तैनाती में अहम भूमिका निभाई, जिससे राहत कार्य तेजी और समन्वय के साथ संभव हो सका।
भारत की बदलती विदेश नीति का प्रतीक
अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन अमिस्ताद न केवल एक राहत मिशन है, बल्कि यह भारत की बदलती विदेश नीति का भी प्रतीक है, जिसमें मानवता और वैश्विक सहयोग को प्राथमिकता दी जा रही है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः रेटिंग एजेंसियों पर गरजे पीयूष गोयल, कहा- 'भारत के साथ किया अन्याय, हमारी क्षमता को नहीं पहचाना'