अफगानिस्तान सीमा पर पाकिस्तान की बड़ी सैन्य कार्रवाई, हमलों में 29 लोग मारे गए
इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान सीमा पर बढ़े तनाव के बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक बड़ा जमीनी सैन्य अभियान चलाया है। पाकिस्तानी मीडिया संगठन 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को अफगानिस्तान से सटी सीमा पर किए गए इन हमलों में कम-से-कम 29 लोग मारे गए हैं।
इंटेलिजेंस इनपुट पर आधारित था ऑपरेशन
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने रविवार रात इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर सीमावर्ती क्षेत्र में एक सुनियोजित जमीनी अभियान चलाया था। सूचना मंत्री के मुताबिक, यह कार्रवाई हाल ही में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची में निर्दोष नागरिकों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमलों के जवाब में की गई है।
कराची रेंजर्स मुख्यालय पर हुआ था आत्मघाती हमला
दरअसल, इस बड़ी सैन्य कार्रवाई की मुख्य वजह शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित 'पाकिस्तान सिंध रेंजर्स' के प्रांतीय मुख्यालय पर हुआ आतंकी हमला माना जा रहा है। सिंध के पुलिस महानिरीक्षक (IG) जावेद आलम ओधो ने बताया कि आतंकवादियों ने विस्फोटक या बारूद से लदे अपने वाहन को रेंजर्स कैंप के मुख्य द्वार से टकरा दिया था।
हमले में मारे गए थे पाकिस्तानी रेंजर्स के तीन जवान
इस भीषण हमले और उसके बाद हुई मुठभेड़ में पाकिस्तान के तीन अर्धसैनिक बल (रेंजर्स) के जवान और तीन आतंकवादी मारे गए। घटना के तुरंत बाद स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU), आतंकवाद विरोधी बल (ATF) और रेंजर्स के कमांडो ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। 'रेस्क्यू 1122 सिंध' की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया था।
जमात-उल-अहरार ने ली हमले की जिम्मेदारी
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी 'अल जज़ीरा' की रिपोर्ट के अनुसार, कराची में हुए इस हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से अलग हुए एक सशस्त्र गुट 'जमात-उल-अहरार' से जुड़े संगठन ने ली है। आतंकी समूह का दावा है कि इस हमले में उनके 9 हमलावर शामिल थे। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह घटनाक्रम दिखाता है कि पाकिस्तान में सुरक्षा बलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिसके जवाब में अब पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार और सीमावर्ती इलाकों में आक्रामक रुख अपना लिया है।