चीन की सहायता से तैयार की गई पाकिस्तान नौसेना की प

पाकिस्तान नौसेना की हंगोर श्रेणी की पहली पनडुब्बी ने अरब सागर में किया 'लाइव फायरिंग' का सफल परीक्षण

पाकिस्तान की हंगोर श्रेणी की पहली पनडुब्बी का सफल परीक्षण

इस्लामाबाद (पाकिस्तान)। पाकिस्तान नौसेना की हंगोर श्रेणी की पहली पनडुब्बी से अरब सागर में ‘लाइव फायरिंग’ का पहली बार सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। हंगोर श्रेणी की यह पनडुब्बी आपसी समझौते के तहत चीन में तैयार किए जाने के बाद जून में कराची लाई गई थी। सेना ने एक बयान में कहा कि हाल ही में नौसेना में शामिल की गई पीएनएस/एम हंगोर ने ‘‘पोत-रोधी क्रूज मिसाइल’’ से निर्धारित लंबी दूरी के लक्ष्य को सटीक रूप से निशाना बनाया।

पनडुब्बी की युद्ध क्षमता की सराहना

नौसेना प्रमुख एडमिरल नावेद अशरफ ने इस परीक्षण को देखा और पनडुब्बी की युद्ध क्षमता की सराहना की। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यालय की ओर से जारी बयान में यह परीक्षण किए जाने पर पाकिस्तान नौसेना और उसके नेतृत्व को बधाई दी। शरीफ ने कहा, ‘‘पनडुब्बी ने पोत-रोधी क्रूज मिसाइल से लंबी दूरी के लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया, जो पाकिस्तान नौसेना की पनडुब्बी इकाई की परिचालन तैयारी, पेशेवर विशेषज्ञता और युद्ध क्षमता को दर्शाता है।’’

राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियां

उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों में मदद के लिए प्रतिबद्ध है। पाकिस्तान नौसेना में हंगोर श्रेणी की कुल आठ पनडुब्बियां शामिल की जानी हैं। ये पनडुब्बियां आधुनिक युद्ध प्रणालियों, अत्याधुनिक सेंसर और एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (एआईपी) तकनीक से लैस होंगी। 

(इनपुटः भाषा)

यह भी पढ़ेंः बालासोर के जंगल से बचाए गए पांचों ओरंगुटान जल्द होंगे नंदनकानन चिड़ियाघर के बड़े बाड़े में शिफ्ट