पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस गश्ती दल पर हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
पेशावर : पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने पुलिस के एक गश्ती दल को निशाना बनाया, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
गश्त के दौरान पुलिस दल पर हमला
यह घटना करक जिले के शताकाई बांध इलाके में हुई। पुलिस दल सबीराबाद थाने के तहत आने वाले इलाके में जब गश्त कर रहा था तब ही उस पर हमला किया गया।
हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की एक टुकड़ी मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया। अज्ञात हमलावरों के हमले में कांस्टेबल जफरान की मौत हो गई जबकि कांस्टेबल मोहम्मद इम्तियाज गंभीर रूप से घायल हो गया।
अगस्त में हुए 54 आतंकवादी हमले
'पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज' (पीआईसीएसएस) के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा में अगस्त में 54 आतंकवादी हमले हुए जबकि जुलाई में 36 हमले हुए थे।