अफ़गानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों से भड़का तनाव: कुनार और हेलमंद में 9 नागरिकों की मौत
काबुल (अफ़गानिस्तान)। दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के बीच सीमा पार बढ़ती खूनी झड़पों और सैन्य तनाव के बीच, अफ़गान सरकार ने दावा किया है कि गुरुवार को पाकिस्तानी वायुसेना के हवाई हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और ग्यारह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह बर्बर बमबारी सीधे तौर पर घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर की गई।
तीन घर तबाह, महिलाओं-बच्चों की मौत
अफ़गान सरकार के मुख्य प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आधिकारिक बयान जारी कर इस विनाशकारी हमले की पुष्टि की। मुजाहिद ने बताया कि हमलों की जद में कुनार और हेलमंद प्रांत आए, जहां तीन रिहायशी मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए। इस सैन्य आक्रामकता में जान गंवाने वालों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
'यह मानवता के खिलाफ खुला अपराध है'
इस अनुचित और खूनी सैन्य हमले पर कड़ा रोष जताते हुए प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा, "हम इस हरकत को सभी स्वीकृत अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का खुला उल्लंघन, आक्रामकता और गंभीर अपराध मानते हैं।" बता दें कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रहे सीमा विवादों और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच पाकिस्तान लगातार अफगान संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है।
हिंसा का चक्र और संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट
पाकिस्तान के इन सैन्य अभियानों से आम नागरिकों को भारी मानवीय कीमत चुकानी पड़ रही है। पिछले हफ्ते ही 'अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन' (UNAMA) ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया था कि इस साल अब तक सीमा पार हिंसा की घटनाओं में 1,100 से ज़्यादा नागरिक हताहत हो चुके हैं।
आतंकवाद के आरोपों पर काबुल का दो टूक रुख
एक ओर जहां पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय आलोचनाओं से बचने के लिए नागरिकों की मौत से इनकार करते हुए आतंकियों को निशाना बनाने का दावा करता है, वहीं काबुल ने उग्रवादी समूहों को पनाह देने के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। इस्लामाबाद लगातार यह दावा करता रहा है कि अफ़गान धरती से 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) जैसे संगठन सक्रिय हैं। हालांकि, काबुल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पलटवार किया है कि "पाकिस्तान अपनी आंतरिक सुरक्षा और शासन की विफलता का ठीकरा अफगानिस्तान पर फोड़ने की असफल कोशिश कर रहा है।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने दी जानकारी