पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान सीमा के पा

पाकिस्तान ने बलूचिस्तान सीमा के पास अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया

Representative Image

इस्लामाबाद (पाकिस्तान)। पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान प्रांत में सीमा के पास कई अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इन लड़ाकों ने कथित तौर पर पाकिस्तान में घुसने की कोशिश की और सीमा पर गोलीबारी शुरू की थी।

पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसने और आक्रामक कार्रवाई करने की कोशिश

यह घटनाक्रम बृहस्पतिवार को पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए जाने के एक दिन बाद सामने आया है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा है कि इन हमलों में चार नागरिक मारे गए। सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ (एपीपी) ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि अफगान तालिबान के लड़ाकों ने बृहस्पतिवार को बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसने और ‘‘आक्रामक कार्रवाई’’ करने की कोशिश की।

पाकिस्तानी बलों ने की जवाबी कार्रवाई

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कई अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए। आधी रात के बाद भी रुक-रुककर गोलीबारी जारी रही। हालांकि, हताहतों की संख्या और सीमा पर हुई ताजा झड़प के कारणों से जुड़े दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। गुलिस्तान में हुई झड़प को लेकर अफगान तालिबान की ओर से तत्काल कोई विस्तृत बयान नहीं आया।

अफगान क्षेत्र से ड्रोन ने पाकिस्तान में किया प्रवेश

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि बृहस्पतिवार को किए गए हवाई हमले बुधवार को अफगान क्षेत्र से ड्रोन के पाकिस्तान में प्रवेश करने के बाद किए गए। तरार ने कहा, ‘‘अपने संप्रभु आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए, जहां इन ड्रोन को प्रक्षेपित किया और रखा जाता था।’’

पाकिस्तान के खिलाफ किए गए हमलों से सीधे जुड़े चिन्हित सैन्य ठिकानों तक ही सीमित

उन्होंने कहा कि ये हमले ‘‘जानबूझकर, सटीक, संतुलित और आनुपातिक’’ थे तथा ‘‘पाकिस्तान के खिलाफ किए गए हमलों से सीधे जुड़े चिन्हित सैन्य ठिकानों तक ही सीमित’’ थे। तरार ने कथित ड्रोन घुसपैठ को पाकिस्तान की ‘‘संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का खुला उल्लंघन’’ और ‘‘गंभीर तथा अस्वीकार्य आक्रामक कार्रवाई’’ बताया।

पाकिस्तान के बलों ने आठ ड्रोन मार गिराए

पाकिस्तान ने बुधवार को कहा था कि उसके बलों ने आठ ड्रोन मार गिराए हैं। इनमें चार तोरखम सीमा के पास और चार खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट के पास गिराए गए। अफगानिस्तान ने ड्रोन हमलों में अपनी संलिप्तता से इनकार किया और पाकिस्तानी हमलों की कड़ी निंदा की। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तानी हमलों में चार अफगान नागरिक मारे गए। उन्होंने कहा कि काबुल ‘‘दृढ़ रुख और उचित जवाब’’ के साथ प्रतिक्रिया देगा तथा चेतावनी दी कि ऐसी कार्रवाइयों के ‘‘पाकिस्तानी सेना के लिए गंभीर परिणाम’’ होंगे।

पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों के बाद तनाव

ताजा तनाव 21 सितंबर को पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों के बाद बढ़ा है। इस्लामाबाद ने कहा था कि इन हमलों में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों के शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा था कि इन हमलों में कई आत्मघाती हमलावरों समेत 28 आतंकवादी मारे गए। अफगान अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि अफगान क्षेत्र के गांवों में कम से कम तीन नागरिक मारे गए और चार अन्य घायल हुए।

अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के दावों को किया खारिज

तालिबान सरकार ने पाकिस्तानी कार्रवाई की निंदा की थी और विरोध दर्ज कराने के लिए इस्लामाबाद के प्रभारी राजदूत को तलब किया था। इस्लामाबाद लगातार काबुल स्थित तालिबान प्रशासन पर आरोप लगाता रहा है कि वह टीटीपी और उससे जुड़े आतंकवादी समूहों को अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल करने देने से पाकिस्तान के भीतर हमलों की योजना बनेगी। अफगान तालिबान ने पड़ोसी देशों के खिलाफ हमलों के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल होने देने के पाकिस्तान के आरोपों को खारिज किया है। पाकिस्तान का कहना है कि उसकी हालिया सैन्य कार्रवाई फरवरी में शुरू किए गए आतंकवाद रोधी अभियान ‘गजब लिल हक’ का हिस्सा है। 

(इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ेंः दिलजीत दोसांझ द्वारा 'महान' कहे जाने पर अभिनेता गोविंदा ने जताया आभार