पेरिस के सबअर्ब में हुई गोलीबारी में एक की मौत और पांच घायल, मैक्रों ने दुख जताया
पेरिस (फ्रांस)। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस के उपनगरों ट्रैप्स और ला वेरिएरे में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दुख जताते हुए इसकी निंदा की। अधिकारियों ने मामले में 39 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने जांच अपने हाथ में ले ली है।
मैक्रों ने घटना को बताया अहम मोड़
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मीडिया से बातचीत के दौरान घटना को एक चिंताजनक बदलाव बताया। उन्होंने कहा, "आज जो हुआ है, वह एक अहम मोड़ (टर्निंग पॉइंट) है। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी आतंकी घटना में हमारे नागरिकों और बच्चों को उनके रंग या धर्म के आधार पर निशाना बनाने की साजिश रची गई।"
सोशल मीडिया पर मैक्रों ने जताया दुख
मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी घटना को लेकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और प्रभावित समुदायों के प्रति एकजुटता जताई। उन्होंने लिखा, "ट्रैप्स और ला वेरिएरे में हुई गोलीबारी की घटना से गहरा दुख पहुंचा है। एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और यवेलिन्स (Yvelines) के सभी निवासियों के साथ हैं।"
सुरक्षा बलों की कार्रवाई की मैक्रों ने की सराहना
फ्रांस के राष्ट्रपति ने सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैक्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच अब राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने अपने हाथ में ले ली है।
पेट्रोल स्टेशन, मेडिकल सेंटर और खेल के मैदान पर हुई गोलीबारी
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने पेरिस के दक्षिण-पश्चिमी बाहरी इलाके ट्रैप्स में कई स्थानों पर ऑटोमैटिक हथियार से गोलीबारी की। रिपोर्ट में बताया गया कि उसने एक पेट्रोल स्टेशन, एक मेडिकल सेंटर और बच्चों के खेल के मैदान को निशाना बनाया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
39 वर्षीय संदिग्ध गिरफ्तार, आतंकवाद-रोधी कार्यालय कर रहा जांच
अधिकारियों ने घटना के बाद 39 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान केविन टी. (Kevin T.) के रूप में हुई है। फ्रांस की कानूनी प्रक्रियाओं के तहत आपराधिक जांच के दौरान संदिग्ध का पूरा उपनाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। मामले की जांच राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने अपने हाथ में ले ली है। घटना को लेकर राष्ट्रपति मैक्रों ने पीड़ितों, उनके परिवारों और प्रभावित क्षेत्र के निवासियों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
यह भी पढ़ें: तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने दिलाई भारत को 4 विकेट से जीत, सीरीज में 2-0 की बढ़त