प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सेशेल्स दौरै के दौरान से

प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को भारत में निर्मित गश्ती पोत, एम्बुलेंस और उपयोगी वाहन सौंपे

PM Modi Hands Over India-Made Patrol Vessel, Ambulances and Utility Vehicles to Seychelles

विक्टोरिया,(सेशेल्स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स को भारत में निर्मित फास्ट पेट्रोल वेसल 'पीएस लेस्पवार', छह एम्बुलेंस, 10 उपयोगिता वाहन और पांच लेजर रेडियल नौकाएं भेंट कीं। इन संसाधनों का उद्देश्य सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा, निगरानी क्षमता और उसके विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र की गश्त को और मजबूत बनाना है।

सेशेल्स तटरक्षक अड्डे पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

विक्टोरिया स्थित सेशेल्स तटरक्षक अड्डे पर आयोजित हस्तांतरण समारोह में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी ने ये सभी संसाधन औपचारिक रूप से सौंपे। भारत के गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित 'पीएस लेस्पवार' आधुनिक तकनीक से लैस एक तेज गश्ती पोत है, जो समुद्री सुरक्षा अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सेशेल्स से साझेदारी लगातार हो रही मजबूत

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा, कि भारत और सेशेल्स की साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। मंत्रालय के अनुसार, भारत में निर्मित यह फास्ट पेट्रोल वेसल सेशेल्स की समुद्री निगरानी और EEZ गश्ती क्षमता को नई मजबूती देगा। इसके साथ ही छह एम्बुलेंस, 10 उपयोगिता वाहन और पांच लेजर रेडियल नौकाएं भी देश के विकास और सुरक्षा प्रयासों में योगदान देंगी। मंत्रालय ने कहा कि भारत के 'विजन महासागर' के तहत दोनों देश रक्षा सहयोग को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा मिल रहा है।

सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए राजधानी विक्टोरिया पहुंचे। समारोह के दौरान दोनों देशों के राष्ट्रगान के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और सैन्य सलामी स्वीकार की।

सेशेल्स के पारंपरिक लोकनृत्य 'मौत्या' की प्रस्तुति

यात्रा के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सेशेल्स के पारंपरिक लोकनृत्य 'मौत्या' की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद गुजरात के कच्छ से पहुंचे भारतीय प्रवासी समुदाय के 18 सदस्यीय दल ने पारंपरिक गुजराती लोकनृत्य प्रस्तुत कर दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित किया।

प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की दूसरी आधिकारिक यात्रा

यह प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की दूसरी आधिकारिक राजकीय यात्रा है। इससे पहले इस वर्ष राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी भारत की यात्रा पर आए थे। सेशेल्स के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि भारत उसके सबसे भरोसेमंद विकास साझेदारों में से एक है और दोनों देश बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामुदायिक विकास तथा हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1976 में सेशेल्स की स्वतंत्रता के बाद से लगातार मजबूत होते रहे हैं।(एएनआई)

यह भी पढ़ेंः 11 चीनी कंपनियों ने बांग्लादेश में 9.21 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का प्रस्ताव रखा