PM मोदी दिसंबर में जाएंगे अमेरिका, मियामी G20 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल- सर्जियो गोर
वॉशिंगटन डीसी: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक बड़ा कूटनीतिक खुलासा करते हुए बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी दिसंबर में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अमेरिका की यात्रा करेंगे। वाशिंगटन में आयोजित 'नौवें यूएसआईएसपीएफ (USISPF) नेतृत्व शिखर सम्मेलन 2026' के दौरान राजदूत गोर ने कहा कि वाशिंगटन प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा की 'अत्यंत सराहना' करेगा।
विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिया था व्हाइट हाउस का न्योता
राजदूत गोर ने बताया कि मई 2026 में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा के दौरान, उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का आधिकारिक निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा, ''हम उनकी वापसी की कामना करते हैं, और मुझे पता है कि वे दिसंबर में जी20 सम्मेलन के लिए अमेरिका आ रहे हैं।'' साल 2026 का जी20 शिखर सम्मेलन 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा के मियामी में आयोजित होने जा रहा है, जो 2009 के बाद पहली बार है, जब अमेरिका इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में
दोनों देशों के बीच चल रही व्यापारिक वार्ताओं पर बोलते हुए अमेरिकी राजदूत ने भरोसा जताया कि भारत-अमेरिका के बीच अपेक्षित अंतरिम व्यापार समझौता 'शीघ्र' हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक जटिल कानूनी मामला है, जिसमें हजारों बिंदु शामिल हैं, लेकिन राजदूत सर्जियो गोर को राष्ट्रपति का पूरा भरोसा है और दोनों देश इसे अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं।
अगले साल भारत आ सकते हैं राष्ट्रपति ट्रंप
जब सर्जियो गोर से राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा की संभावना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने संकेत दिया कि यह राजकीय यात्रा अगले साल (2027) होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ''मध्यावधि चुनावों के व्यस्त कार्यक्रम के कारण इस वर्ष यह संभव नहीं है, लेकिन हम इसे अगले साल जल्द से जल्द कराना चाहेंगे।'' गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों में व्यक्तिगत रूप से सक्रिय हैं और उन्होंने 'क्वाड' (Quad) की नियमित मंत्रिस्तरीय बैठकों को और अधिक औपचारिक रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया है।