PoJK में गतिरोध बढ़ा, JAAC ने अनिश्चितकालीन शटडाउन और चक्का-जाम का ऐलान किया
मुज़फ़्फ़राबाद (PoJK)। पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में सरकार और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के बीच गतिरोध अब और गहरा गया है। JAAC ने अपनी मांगों को लेकर पूरे इलाके में अनिश्चितकालीन शटडाउन और चक्का-जाम हड़ताल का ऐलान किया है। कमेटी ने व्यापारियों से बाजार बंद रखने और लोगों से परिवहन सेवाएं रोकने की अपील की है। वहीं, प्रदर्शन के दौरान झड़पों और लोगों के घायल होने की खबरों के बीच इलाके में तनाव बढ़ता जा रहा है।
अधिकारियों पर बातचीत में देरी का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन बार-बार सार्थक बातचीत में देरी कर रहा है और पहले किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहा है। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के मुख्य सदस्य उमर नज़ीर कश्मीरी ने भी अधिकारियों पर प्रदर्शनकारियों के साथ गंभीरता से बातचीत नहीं करने का आरोप लगाया। कश्मीरी ने कहा, "वे पिछले चार महीनों से हमारे साथ मज़ाक कर रहे हैं। सरकार की ओर से कोई गंभीर बैठक नहीं हुई और न ही कोई गंभीर कमेटी बनाई गई। वे कहते रहे कि नई सरकार बनने वाली है।" उन्होंने कहा कि सरकार नहीं बनी, लेकिन एक ऐसे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाया गया जो चुना हुआ नहीं था और एक अन्य व्यक्ति को नियुक्त किया गया जो इसी तंत्र (एस्टेब्लिशमेंट) से जुड़ा है।
राजनीतिक नेतृत्व को लेकर भी विरोध
JAAC ने बिना वास्तविक चुनावी जनादेश के राजनीतिक नेतृत्व को थोपे जाने का भी विरोध किया है। इससे इलाके में शासन-व्यवस्था को लेकर असंतोष और बढ़ने की बात सामने आई है। कश्मीरी ने आरोप लगाया कि इलाके में चुनाव कराने में विफलता के कारण लोगों का जनादेश उन लोगों तक नहीं पहुंच सका जो इसके हकदार थे। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद एक व्यक्ति को राष्ट्रपति और दूसरे को प्रधानमंत्री बनाया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान हिंसा और घायलों का दावा
अलग-अलग इलाकों में विरोध प्रदर्शनों के दौरान झड़पों और लोगों के घायल होने की खबरों के बीच तनाव और बढ़ गया है। एक्शन कमेटी ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया, जिसमें लोग हताहत हुए। उमर नज़ीर कश्मीरी ने कहा, "डड्याळ में एंट्री पॉइंट पर धरना दिया गया। फिर बल प्रयोग किया गया और एक और युवक — अल्लाह उसकी शहादत कबूल करे — शहीद हो गया।" उन्होंने दावा किया कि कई युवा घायल हुए हैं और कल भी पंजेरी में युवा घायल हुए थे।
बाजार और परिवहन बंद रखने की अपील
हड़ताल का नया आह्वान JAAC और अधिकारियों के बीच जारी गतिरोध में एक और तनावपूर्ण मोड़ है। आंदोलन के तहत बाजारों और ट्रांसपोर्ट को बंद रखने की अपील से प्रशासन पर बातचीत शुरू करने और प्रदर्शनकारियों की शिकायतों का समाधान करने का दबाव बढ़ा है। कमेटी ने चेतावनी दी है कि हड़ताल अनिश्चित काल तक जारी रहेगी। इससे क्षेत्र में तनाव बना रहने और अधिकारियों के सामने गतिरोध को सुलझाने के लिए ठोस कदम उठाने की चुनौती बढ़ गई है। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: दिल्ली: CEC के खिलाफ धरने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता हिरासत में