पोलैंड में ट्रक से 54 प्रवासी गिरफ्तार, 30 पाकिस्तानी और 15 अफगान नागरिक शामिल
वारसॉ,(पोलैंड)। पोलैंड के सीमा सुरक्षा अधिकारियों ने लिथुआनिया के पास एक मालवाहक ट्रक के ट्रेलर में छिपे 54 प्रवासियों को हिरासत में लिया है। इनमें 30 पाकिस्तानी, 15 अफगान और 9 बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं।
अवैध रूप से पोलैंड में प्रवेश करने की कोशिश
यह कार्रवाई उत्तर-पूर्वी पोलैंड के बुडज़िस्को सीमा पार क्षेत्र में एक अस्थायी चेकपॉइंट पर की गई, जहां अधिकारियों ने रोमानियाई नंबर प्लेट वाले ट्रक को रोका। ट्रक चालक 37 वर्षीय रोमानियाई नागरिक बताया गया है। जांच के दौरान अधिकारियों को ट्रेलर के भीतर छिपे सभी 54 लोग मिले, जो कथित तौर पर अवैध रूप से पोलैंड में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि इन्हें लातविया और लिथुआनिया के रास्ते पोलैंड लाया जा रहा था।
हाल के महीनों की सबसे बड़ी प्रवासी बरामदगी
पोलिश अधिकारियों ने बताया, कि सभी प्रवासियों को आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद लिथुआनिया वापस भेजे जाने की संभावना है, जबकि ट्रक चालक के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू की जाएगी। यह मामला इस क्षेत्र में हाल के महीनों की सबसे बड़ी प्रवासी बरामदगी में से एक माना जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, इस साल अब तक लिथुआनिया से पोलैंड में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करते हुए लगभग 760 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः पाकिस्तान के कश्मीर में बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी, 5 जुलाई को व्यापक आंदोलन का आह्वान