PoGB में बिजली संकट से भड़का जनआक्रोश, काराकोरम हाईवे समेत कई मार्गों पर प्रदर्शन
गिलगित,(PoGB)। पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान (PoGB) में लंबे समय से जारी बिजली कटौती के खिलाफ जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। भीषण गर्मी के बीच लगातार और अनियोजित लोड-शेडिंग से परेशान लोगों ने कई स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए प्रमुख राजमार्गों को जाम कर दिया।
लंबे समय से चल रही बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, गिलगित और चिलास सहित कई इलाकों में स्थानीय लोगों ने लंबे समय तक चलने वाली बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जुटियाल क्षेत्र में इकट्ठा होकर रणनीतिक काराकोरम हाईवे को अवरुद्ध कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली की कटौती लंबे समय से बिना किसी पूर्व सूचना के जारी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बिजली संकट का स्थायी समाधान निकालने में सरकार विफल
प्रदर्शनकारियों ने चौक रोड पर भी जाम लगाया और क्षेत्र में तत्काल और निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। स्थानीय निवासियों का कहना है, कि मौजूदा समय में उन्हें प्रतिदिन 10 घंटे से अधिक की लोड-शेडिंग झेलनी पड़ रही है, जबकि भीषण गर्मी में स्थिति और अधिक कठिन हो गई है। लोगों ने आरोप लगाया, कि सर्दियों में बिजली संकट को नदियों में पानी की कमी से जोड़ा जाता है, जबकि गर्मियों में पर्याप्त जल उपलब्ध होने के बावजूद बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया जाता। उनका यह भी कहना है, कि वर्षों से जारी बिजली संकट के बावजूद सरकार स्थायी समाधान निकालने में विफल रही है।
बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशान
ओशिखंडास क्षेत्र में महिलाओं ने भी अलग से प्रदर्शन किया और लगातार बिजली कटौती की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, कि कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे घरेलू जीवन और बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी, कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है। चिलास में भी इसी तरह के प्रदर्शन देखने को मिले, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने के बावजूद लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने कहा, कि लगातार बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज, व्यापार, जल आपूर्ति, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। (ANI)
यह भी पढ़ेंः ग़ालिबफ़ का ट्रंप पर पलटवार: 'अपनी SNAP सलाह अपने पास रखें'