नेपाल में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण काठमांडू म

नेपाल में भारी बारिश के कारण काठमांडू में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बाधित

Public transport services suspended in Kathmandu due to heavy rain (Represantative Image)

काठमांडू (नेपाल)। नेपाल में भारी बारिश के कारण शुक्रवार को काठमांडू में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार से काठमांडू घाटी और देश के कई अन्य हिस्सों में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से नेपाल की राजधानी को जोड़ने वाले कई राजमार्ग अवरुद्ध हो गये हैं। काठमांडू घाटी यातायात पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता पुलिस अधीक्षक नरेश राज सुबेदी ने कहा कि पृथ्वी और बीपी राजमार्गों पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित होने से सार्वजनिक वाहनों का परिचालन रोक दिया गया है।

राजमार्गों पर आवाजाही पर रोक और सुरक्षा निर्देश

पृथ्वी राजमार्ग काठमांडू को बागमती और गंडकी प्रांतों से जोड़ता है, जबकि बीपी राजमार्ग राजधानी को मधेश प्रांत और पूर्वी नेपाल से जोड़ता है। द काठमांडू पोस्ट की खबर के अनुसार, मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए अधिकारियों ने बीपी राजमार्ग के कावरेपालंचोक खंड पर रात के समय आवाजाही पर रोक लगा दी है। लोगों को रविवार तक शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे के बीच इन सड़कों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। चितवन में पृथ्वी राजमार्ग और नारायणघाट-मुगलिन सड़क को भी भूस्खलन के खतरे को देखते हुए अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

मलबा हटाने का कार्य और प्रशासन के निर्देश

समाचार पत्र द राइजिंग नेपाल की खबर के अनुसार, मलबा हटाने का काम जारी रहने के दौरान जाम की स्थिति से बचने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काठमांडू के गोंगबु स्थित न्यू बस पार्क में लंबी दूरी की बसों को रोका जा रहा है। नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण यातायात अधिकारियों ने वाहन चालकों को नदी किनारे के रास्तों पर वाहन खड़ा करने से बचने के कड़े निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौसम में सुधार होने तक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें:   महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में SFI ने दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में निकाला मार्च