सलमान रुश्दी को अमेरिका में उनकी आजीवन साहित्यिक उ

सलमान रुश्दी को अमेरिका में 'नेशनल बुक अवॉर्ड' पदक से सम्मानित किया जाएगा

Salman Rushdie to be honoured with National Book Award in US

न्यूयॉर्क (अमेरिका)। अमेरिकी नागरिक सलमान रुश्दी (79) को उनकी आजीवन साहित्यिक उपलब्धियों के लिए नेशनल बुक अवॉर्ड पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान अमेरिकी साहित्य के दिग्गज लेखकों को प्रदान किया जाता है।

ग्रीन कार्ड मिलने से पहले मैं कई वर्षों तक यहां रहाः रुश्दी

पिछले एक दशक से अमेरिकी नागरिक रुश्दी ने कहा, ''हालांकि नागरिकता हासिल करने और ग्रीन कार्ड मिलने से पहले मैं कई वर्षों तक यहां रहा, लेकिन नागरिक बनने के बाद अचानक मुझे लगा कि मैं अमेरिका का पहले से कहीं अधिक गहरा हिस्सा हूं। और मुझे लगता है कि इस सम्मान को लेकर भी कुछ ऐसा ही महसूस हो रहा है।''  मुंबई (तब बंबई) में जन्मे रुश्दी किशोरावस्था में इंग्लैंड चले गए थे। वह अब अपनी पत्नी और साथी लेखिका रेचल एलिजा ग्रिफिथ्स के साथ न्यूयॉर्क शहर में रहते हैं।

18 नवंबर को नेशनल बुक अवार्ड्स समारोह में रुश्दी को मिलेगा सम्मान

हाल ही में 'जूम' पर दिए एक साक्षात्कार में रुश्दी ने कहा, ''मुझे याद है कि किसी ने बताया था कि जब रे (मंड) कार्वर को अमेरिका का कोई बड़ा साहित्यिक पुरस्कार मिला था, तो उन्होंने कहा था कि अब वह साहित्य की दुनिया में शामिल हो गए हैं। तब मैंने सोचा, ‘शायद अब मैं भी अमेरिकी साहित्य की दुनिया का हिस्सा बन गया हूं।'' उनकी पुरानी मित्र और साथी लेखिका किरण देसाई (भारतीय मूल की) मैनहट्टन में इस साल 18 नवंबर को होने वाले नेशनल बुक अवार्ड्स समारोह में रुश्दी को यह पदक प्रदान करेंगी। इसी समारोह में पांच प्रतिस्पर्धी श्रेणियों के पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

रुश्दी यह सम्मान पाने वाले 39वें लेखक

रुश्दी यह सम्मान पाने वाले 39वें लेखक हैं। यह सम्मान गैर-लाभकारी संस्था नेशनल बुक फाउंडेशन की ओर से अमेरिकी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है। रुश्दी अमेरिका के बाहर जन्मे ऐसे केवल चौथे लेखक हैं, जिन्हें यह पदक प्रदान किया जाएगा। उनसे पहले कनाडा में जन्मे सॉल बेलो, चिली की इसाबेल आयेंदे और स्वीडन में जन्मे आर्ट स्पीगलमैन को यह सम्मान मिल चुका है। (इनपुटः AP)

यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ के दुर्ग में छह साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म और हत्या के जुर्म में चाचा को मृत्युदंड