जर्मनी में लुटेरों ने पार्किंग गैरेज से बड़े ड्रिल

जर्मन में हैरतअंगेज बैंक डकैती, ड्रिल कर 300 करोड़ की लूट

Shocking bank robbery in Germany, 300 crore rupees looted by drilling

बर्लिन। जर्मनी के पश्चिमी शहर गेल्जेनकिर्चेन में बैंक लुटेरों ने पार्किंग गैरेज से बड़े ड्रिल की मदद से स्पारकासे सेविंग्स बैंक की भूमिगत तिजोरी में सुराख कर करीब 30 मिलियन यूरो (लगभग 300 करोड़ रुपये) मूल्य की नकदी, सोना और आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हैरतअंगेज घटना क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान हुई। इस समय बैंक बंद चल रहे हैं।

सोमवार सुबह फायर अलार्म बजने पर इमरजेंसी टीम ने तिजोरी में बड़ा छेद देखा और लूट का पता चला। लुटेरों ने 3000 से अधिक सेफ डिपॉजिट बॉक्स तोड़ डाले हैं, जिनमें ग्राहकों के कीमती सामान रखे थे।

फिल्मी अंदाज में दिया गया घटना को अंजाम, गिरोह ने तिजोरी के अंदर बिताया पूरा वीकेंड

फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई इस डकैती को कुछ मीडिया रिपोर्टों ने ओशन इलेवन स्टाइल की लूट बताया है। जांचकर्ताओं का मानना है कि गिरोह ने पूरा वीकेंड तिजोरी के अंदर बिताया और व्यवस्थित तरीके से बॉक्स खोले। प्रत्येक बॉक्स की औसत बीमा राशि 10 हजार यूरो होने से कुल नुकसान का अनुमान 30 मिलियन यूरो लगाया गया है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में यह 10 से 90 मिलियन यूरो तक बताया जा रहा है। बैंक के बाहर मंगलवार को करीब 200 चिंतित ग्राहक इकट्ठा हुए, लेकिन बैंक बंद रहा।

सीसीटीवी फुटेज में एक चोरी की कार और मास्क पहने दिखे लोग

सीसीटीवी फुटेज में मास्क पहने लोग और एक चोरी की कार दिखी, जो संदिग्धों से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध गिरफ्तार नहीं हुआ है और लुटेरे फरार हैं। यह जर्मनी में हाल की बड़ी डकैतियों में से एक मानी जा रही है। इस घटना से बैंक सुरक्षा पर सवाल उठे हैं, क्योंकि लुटेरों ने हाई-सिक्योरिटी तिजोरी को आसानी से भेद दिया। प्रभावित ग्राहकों की संख्या 2700 से अधिक है, जिनके सामान का सटीक नुकसान अभी तक तय किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/life-sentence-in-assam-terror-conspiracy-case/103153

असम में आतंकी साजिश के केस में एनआईए की विशेष अदालत ने आरोपी को सुनाई उम्रकैद की सजा