स्पेसएक्स ने सबसे ताकतवर स्टारशिप रॉकेट किया लॉन्च
टेक्सास (अमेरिका)। अमेरिकी स्पेसएक्स ने अपने सबसे बड़े और सबसे ताकतवर स्टारशिप रॉकेट का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। यह नई पीढ़ी का वही सुपर हेवी रॉकेट सिस्टम है, जिसके जरिए एलन मस्क भविष्य में इंसानों को मंगल ग्रह तक भेजने का सपना देख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि नासा भी इसी स्टारशिप के नए वर्जन का इस्तेमाल आने वाले वर्षों में चंद्रमा मिशन के लिए करने की तैयारी कर रहा है।
टेक्सास से हुई इस लॉन्चिंग के बाद अंतरिक्ष तकनीक की रेस में स्पेसएक्स ने एक बार फिर बड़ा संदेश दिया है। स्टारशिप की यह 12वीं टेस्ट फ्लाइट थी। इससे पहले कंपनी गुरुवार को लॉन्च करने वाली थी, लेकिन काउंटडाउन खत्म होने से कुछ सेकंड पहले तकनीकी समस्या सामने आ गई थी।
रिपोर्टों के अनुसार, लॉन्च टावर पर लगा हाइड्रोलिक पिन समय पर हट नहीं पाया, जिसके कारण उलटी गिनती रोकनी पड़ी। बाद में एलन मस्क ने खुद इस समस्या की जानकारी दी थी और कहा था कि तकनीकी दिक्कत दूर होते ही दोबारा प्रयास किया जाएगा। आखिरकार शुक्रवार को स्पेसएक्स ने सफल लॉन्च कर लिया। स्पेसएक्स का नया स्टारशिप मॉडल करीब 124 मीटर लंबा बताया जा रहा है।
यह पुराने मॉडल्स की तुलना में ज्यादा लंबा और ज्यादा शक्तिशाली है। इसमें उन्नत इंजन लगाए गए हैं, जो भारी पेलोड को अंतरिक्ष तक पहुंचाने में सक्षम माने जा रहे हैं। इस टेस्ट मिशन में 20 स्टारलिंक सैटेलाइट्स के प्रोटोटाइप भी शामिल थे। स्पेसएक्स लगातार स्टारशिप को ऐसे सिस्टम के रूप में तैयार कर रही है, जो भविष्य में बड़े स्पेस मिशन, कार्गो ट्रांसपोर्ट और इंसानी यात्रा को आसान बना सके।
यही वजह है कि इस प्रोजेक्ट पर दुनियाभर की स्पेस एजेंसियों की नजर बनी हुई है। स्टारशिप सिर्फ स्पेसएक्स का निजी प्रोजेक्ट नहीं रह गया है। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा भी इसे अपने आर्टेमिस मिशन के लिए अहम मान रही है। आने वाले वर्षों में इसी तकनीक की मदद से अंतरिक्ष यात्रियों को दोबारा चंद्रमा पर भेजने की योजना बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/nta-launch-portal-for-refund-neet-fee/207390