थाईलैंड के नोन्थाबुरी स्थित स्कूल में गोलीबारी की

थाईलैंड के स्कूल में गोलीबारी से मचा हड़कंप, 8 की मौत और 22 घायल

Thailand School Shooting Leaves 8 Dead and 22 Injured

बैंकॉक (थाईलैंड)। थाईलैंड के नोन्थाबुरी प्रांत के देबसिरिन नोन्थाबुरी स्कूल में हुई गोलीबारी में शुक्रवार को मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। वहीं, संदिग्ध किशोर हमलावर के दादा-दादी बाद में अपने घर पर मृत पाए गए। बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, हमले के बाद संदिग्ध हमलावर, जो स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था, परिसर के अंदर मृत पाया गया।

संदिग्ध के घर से दादा-दादी के शव बरामद

अधिकारियों ने बाद में बैंग बुआ थोंग जिले में संदिग्ध के घर की तलाशी ली और किशोर के 73 वर्षीय दादा और 74 वर्षीय दादी के शव बरामद किए, दोनों के सिर में गोली लगने से गंभीर चोटें आई थीं। जांचकर्ताओं का मानना ​​है, कि स्कूल में गोलीबारी से पहले ही दादा-दादी की हत्या कर दी गई थी, हालांकि घटनाक्रम की सटीक जांच अभी जारी है। थाईलैंड के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री पट्टाना प्रोम्फत के अनुसार, आठ मृतकों में पांच शिक्षक, संदिग्ध हमलावर और दोनों दादा-दादी शामिल हैं। बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से नौ गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में ले जाया गया है।

गोलीबाड़ी के बाद की आत्महत्या

पुलिस ने बताया कि किशोर अपने दादा की मानी जा रही 9mm की बंदूक लेकर स्कूल में घुसा था। अधिकारियों ने घटनास्थल से बंदूक और अतिरिक्त गोला-बारूद बरामद किया। बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध हमलावर ने स्कूल की इमारत में खुद को बंद कर लिया था, जिसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सीएनएन द्वारा सत्यापित वीडियो में गोलियों की आवाज गूंजने पर भयभीत छात्र कक्षा की मेजों के नीचे छिपते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य फुटेज में स्कूल कर्मचारियों द्वारा छात्रों को बाहर निकालते हुए दिखाया गया है। एक छात्र ने सीएनएन को बताया कि सहपाठियों ने जल्दी से मेजों और कुर्सियों को दरवाजे के सामने धकेल कर अपनी कक्षा को बंद कर दिया, फिर बत्तियां बंद कर दीं और मदद का इंतजार करने लगे।

घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच जारी

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने हमले को एक त्रासदी बताया और कहा कि यह और भी विनाशकारी हो सकता था, क्योंकि संदिग्ध हमलावर के पास अभी भी 30 से अधिक गोलियां बची थीं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि किशोर पढ़ाई से संबंधित तनाव का सामना कर रहा था, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक मकसद की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच जारी रखे हुए है, गवाहों से पूछताछ कर रही है और इस बात की जांच कर रही है कि किशोर को हथियार कैसे मिला। यह घटना हाल के वर्षों में थाईलैंड में हुई सबसे घातक स्कूली गोलीबारी की घटनाओं में से एक है और इससे पहले 2022 और इस साल की शुरुआत में भी शैक्षणिक संस्थानों में घातक हमले हुए थे। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ेंः JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से सरकार की सकारात्मक वार्ता, मांगों पर गंभीरता से विचार का आश्वासन