ट्रंप ने माना- इमिग्रेशन पॉलिसी से रिपब्लिकन को हुआ चुनावी नुकसान, बोले- 'यह बहुत सख्त थी'
वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि उनके प्रशासन की सख्त इमिग्रेशन पॉलिसी की वजह से 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ होगा। उन्होंने स्वीकार किया कि बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों के खिलाफ चलाए गए डिपोर्टेशन अभियान का दायरा काफी व्यापक रहा और इसकी वजह से लंबे समय से अमेरिका में रहकर काम कर रहे लोग भी प्रभावित हुए। CBS न्यूज़ के कार्यक्रम '60 मिनट्स' को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन की इमिग्रेशन कार्रवाई से रिपब्लिकन पार्टी को चुनावी फायदा भी हुआ और नुकसान भी। उनके मुताबिक, अमेरिका-मेक्सिको सीमा को सुरक्षित करने और आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को देश से बाहर निकालने के लिए प्रशासन को समर्थन मिला, लेकिन सख्त कार्रवाई ने कुछ मतदाताओं को पार्टी से दूर भी किया। चुनावी नतीजों के बाद इमिग्रेशन नीति पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत सख्त थी। बहुत से लोग कहेंगे कि यह बहुत अच्छा है, लेकिन बहुत से लोग सोचते हैं कि यह बहुत सख्त है।"
लंबे समय से अमेरिका में रह रहे प्रवासी भी हुए प्रभावित
ट्रंप ने कहा कि सीमा बंद करने के लिए उन्हें 'A+' और अपराधियों को बाहर निकालने के लिए अच्छे अंक मिले। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि प्रशासन की डिपोर्टेशन कार्रवाई में ऐसे लोग भी शामिल हुए, जिनके पास अच्छी नौकरी थी और जो लंबे समय से अमेरिका में रह रहे थे। उन्होंने कहा, "लेकिन मुझे दुख होता है क्योंकि हमने उन लोगों को भी लिया जिनके पास अच्छी नौकरी थी, जिससे एक वायलेशन हुआ, या कानून तोड़ा गया, और वह यह था कि वे देश में गैर-कानूनी तरीके से आए थे।" ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में इस मुद्दे पर लोगों की अलग-अलग राय है। कुछ लोग चाहते हैं कि बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों को देश से बाहर कर दिया जाए, जबकि कुछ का मानना है कि अगर वे अच्छे नागरिकों की तरह काम कर रहे हैं और टैक्स दे रहे हैं, तो उन्हें रहने की अनुमति मिलनी चाहिए।
लैटिनो बहुल इलाकों में डेमोक्रेट्स को मिली बढ़त
CBS न्यूज़ के मुताबिक, रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में झटका लगने के तीन दिन बाद ट्रंप का यह बयान सामने आया है। चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने साउथ टेक्सास और दूसरे लैटिनो बहुल इलाकों में बढ़त हासिल की। ये वही इलाके थे, जहां 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को समर्थन मिला था। ट्रंप की इमिग्रेशन कार्रवाई को उन मुद्दों में शामिल किया गया, जिन्हें मतदाताओं ने चुनावी नतीजों में आए इस बदलाव से जोड़ा।
डेमोक्रेट्स के साथ इमिग्रेशन पर समझौता करना चाहते हैं ट्रंप
आगे की रणनीति पर बात करते हुए ट्रंप ने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई। जनवरी से डेमोक्रेट्स कांग्रेस के दोनों सदनों को नियंत्रित करेंगे। ट्रंप ने कहा, "मैं इमिग्रेशन पर कुछ करना चाहूंगा।" उनके इस बयान को इस मुद्दे पर डेमोक्रेटिक सांसदों के साथ समझौते की इच्छा के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रशासन अपनी इमिग्रेशन नीति और डिपोर्टेशन की रणनीति में कोई बदलाव करने की योजना बना रहा है या नहीं।
व्हाइट हाउस में बड़े स्टाफ बदलाव के बीच आया बयान
यह बयान व्हाइट हाउस में बड़े स्तर पर हुए स्टाफ बदलावों के बीच आया है। ट्रंप ने चीफ ऑफ स्टाफ सूज़ी विल्स की जगह स्टीफन मिलर को नियुक्त किया है। मिलर को प्रशासन की सख्त इमिग्रेशन नीतियों के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक माना जाता है। नियुक्ति के बाद मिलर ने मार-ए-लागो में एक भाषण के दौरान ट्रंप के प्रति अपनी वफादारी दोहराई। उन्होंने राष्ट्रपति के लिए "पूरी वफादारी" और "पूरी लगन" से काम करने का वादा किया। गौरतलब है कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत के पीछे एक वजह पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की इमिग्रेशन नीतियों को लेकर मतदाताओं की नाराजगी भी थी। इसमें अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर बिना अनुमति प्रवेश की घटनाओं में बढ़ोतरी का मुद्दा भी शामिल था।
(ANI)
ये भी पढ़ें: दिवाली की रात 17 साल के दो किशोरों की हत्या, नहर किनारे टहलते समय हमलावरों ने किया हमला