अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बीज

डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की बीजिंग बैठक, होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रखने पर सहमति

Trump Meets Xi in Beijing, Agree to Keep Strait of Hormuz Open

वॉशिंगटन(अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक बैठक की। इसमें दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि ऊर्जा की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खुला रखना अनिवार्य है।

आर्थिक सहयोग पर की चर्चा

व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक द्विपक्षीय बैठक के बाद दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इसमें चीन में अमेरिकी व्यवसायों के लिए बाजार पहुंच का विस्तार करना शामिल था। बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति शी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के सैन्यीकरण और इसके उपयोग के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क वसूलने के प्रयासों का कड़ा विरोध किया। दोनों देश इस बात पर भी एकमत थे कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

अमेरिकी कंपनियों के लिए चीनी बाजार को खोलने पर बातचीत

व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप और राष्ट्रपति शी के बीच हुई इस बैठक में अमेरिकी व्यवसायों के लिए चीनी बाजार खोलने और हमारे उद्योगों में चीनी निवेश बढ़ाने पर बातचीत हुई। इस बैठक के एक हिस्से में अमेरिका की कई बड़ी कंपनियों के प्रमुख भी शामिल हुए।

फेंटानिल रोकथाम और कृषि व्यापार पर भी दिया जोर

दोनों नेताओं ने अमेरिका में फेंटानिल (fentanyl) के रसायनों की तस्करी रोकने में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने और अमेरिकी कृषि उत्पादों की चीन द्वारा खरीद बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति शी ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भविष्य में अधिक अमेरिकी तेल खरीदने में रुचि दिखाई। गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच फिलहाल एक अस्थिर संघर्षविराम (ceasefire) लागू है। अमेरिका और इजरायल का ईरान के साथ यह संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जिससे ऊर्जा आपूर्ति में बाधाएं पैदा हुई हैं। (एएनआई)

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/xi-urges-cooperation-in-historic-toast-to-trump/204740

शी जिनपिंग ने ट्रंप से ऐतिहासिक बैठक में की सहयोग की अपील