अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने नाटो देशों को 'नॉ

नाटो पर खिसियाए ट्रंप ने बनाई 'नॉटी और नाइस' सूची

Trump Plans NATO “Good and Bad” Ally List

वॉशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने नाटो देशों को 'नॉटी और नाइस' यानी अच्छे और बुरे सहयोगियों की सूची में बांटने की तैयारी की है। ईरान पर सैन्य कार्रवाइयों में कौन देश कितना साथ दे रहा है, इस आधार पर यह सूची बनाई गई है। इस कदम ने नाटो के अंदर ही तनाव बढ़ा दिया है। कई यूरोपीय देशों में इसे अमेरिका की दबाव नीति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रक्षा सहयोग पर आधारित लिस्ट का आधार

अमेरिकी रक्षा विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस सूची का विचार दिसंबर में अमेरिकी रक्षामंत्री पीट हेगसेथ द्वारा दिए गए एक बयान से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा था कि जो देश बेहतर सहयोगी होंगे, उन्हें अमेरिका से खास सुविधाएं मिल सकती हैं। जो देश अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हटेंगे, उन्हें परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इसी सोच के आधार पर यह 'नॉटी और नाइस' लिस्ट तैयार की गई है।

कुछ देशों की स्थिति मजबूत, कुछ पर सवाल

पोलैंड और रोमानिया जैसे देश इस सूची में बेहतर स्थिति में रह सकते हैं। पोलैंड ने रक्षा खर्च बढ़ाया है और लगातार अमेरिका के साथ सैन्य सहयोग मजबूत किया है। रोमानिया ने अमेरिकी सेना को अपने एयरबेस इस्तेमाल करने की अनुमति दी है, खासकर ईरान से जुड़े ऑपरेशनों के दौरान। वहीं इस सूची को लेकर यूरोप में चिंता बढ़ गई है। एक यूरोपीय अधिकारी ने मीडिया से कहा कि अमेरिका की यह रणनीति खुद उसके लिए ही नुकसानदायक साबित हो सकती है। उनके मुताबिक, अगर अमेरिका अपने सैनिकों को हटाने या हथियारों की बिक्री सीमित करने जैसा कदम उठाता है तो इससे उसे ही रणनीतिक नुकसान होगा। इस तरह की रैंकिंग से नाटो के भीतर भरोसा कमजोर हो सकता है।

ट्रंप का सख्त रुख और नाराजगी

डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो के कई देशों के रवैये पर खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने हाल ही में कहा कि कई देशों ने जरूरत के समय अमेरिका का साथ नहीं दिया। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि जब मदद की जरूरत थी, तब सहयोग नहीं मिला, और अब सहायता का कोई मतलब नहीं रह गया है। ट्रंप का यह भी कहना है कि अमेरिका को खुद पर ज्यादा भरोसा करना चाहिए, क्योंकि कई बार 'मित्र देश' समर्थन नहीं देते।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/krishnanagar-rally-modi-predicts-end-of-tmc-rule-on-may-4/178594

कृष्णनगर में पीएम मोदी की हुंकार, 4 मई को बंगाल में होगा भाजपा के विजय का जश्न