डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मध्यावधि चुनाव में रिपब्लि

मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन की जीत पर हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 डॉलर देने का ट्रंप का वादा

Trump Promises $5,000 to Every Adult if Republicans Win Midterms

फीनिक्स (अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव को लेकर बड़ा चुनावी वादा किया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी चुनाव जीतकर संसद के दोनों सदनों में अपना नियंत्रण बरकरार रखती है, तो हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप ने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ का नाम दिया है। हालांकि, इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी और इसे लेकर खर्च, बजट घाटे और महंगाई पर सवाल भी उठ रहे हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी संकेत दिया है कि इस भुगतान का लाभ अमीरों को नहीं दिया जाएगा और इसके लिए टैरिफ से होने वाले राजस्व का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ट्रंप ने बताया ट्रंप लाभांश

ट्रंप ने डलास में आयोजित अपनी पार्टी के एक सम्मेलन में कहा, ‘‘अगर रिपब्लिकन जीतते हैं, तो आप हमारे साथ जीतते हैं और आपको 5,000 अमेरिकी डॉलर मिल जाएंगे। इसे ट्रंप लाभांश कहा जाएगा।’’ उन्होंने अपनी ‘‘जबरदस्त ताकत और आर्थिक कामयाबी’’ का हवाला देते हुए इस संभावित भुगतान की तुलना कंपनियों की ओर से शेयरधारकों को दिए जाने वाले लाभांश से की।

एक घंटे बाद वेंस ने दी अलग राय

ट्रंप के ऐलान के करीब एक घंटे बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस प्रस्ताव से कुछ हद तक पीछे हटते नजर आए। उन्होंने संकेत दिया कि प्रस्तावित लाभांश का भुगतान अमीर लोगों को नहीं किया जाएगा। वेंस ने यह भी सुझाव दिया कि इस भुगतान के लिए अमेरिकी टैरिफ से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, प्रस्ताव को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रस्ताव पर कांग्रेस की मंजूरी जरूरी

5,000 डॉलर के इस भुगतान को लागू करने के लिए अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस की मंजूरी की आवश्यकता होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित राशि अमेरिकी टैरिफ राजस्व से काफी अधिक होगी। व्हाइट हाउस ने प्रस्ताव के संबंध में मांगी गई विस्तृत जानकारी पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। ऐसे में भुगतान की प्रक्रिया और इसके लिए धन जुटाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

अमेरिका के कर्ज और बजट घाटे पर भी सवाल

इस प्रस्ताव को लागू करने की लागत संभवतः करीब 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो सकती है। इससे अमेरिका के वार्षिक बजट घाटे और मुद्रास्फीति को लेकर चिंताएं बढ़ने की आशंका जताई गई है। पिछले महीने अमेरिका का राष्ट्रीय ऋण पहली बार 40 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर गया था। ऐसे में बड़े पैमाने पर भुगतान की योजना को लेकर आर्थिक सवाल भी उठ रहे हैं।

मध्यावधि चुनाव में हार की परंपरा बदलना चाहते हैं ट्रंप

ट्रंप ने कई बार इस बात पर चिंता जताई है कि मौजूदा दौर में राष्ट्रपति की पार्टी लगभग हर बार मध्यावधि चुनाव में हार का सामना करती है। वह इस राजनीतिक रुझान को बदलने के लिए कई अपरंपरागत तरीकों की तलाश कर रहे हैं। इसी कड़ी में इस सप्ताह आयोजित रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नवंबर में होने वाले चुनाव में पार्टी की स्थिति मजबूत करना ट्रंप के लिए प्रमुख राजनीतिक लक्ष्य बना हुआ है।

यह भी पढ़े:   BRICS के साथ भारत का व्यापार घाटा बड़ी चुनौती, निर्यात के मुकाबले आयात तेजी से बढ़ा