ट्रंप डिविडेंड का बड़ा दांव: हर अमेरिकी वयस्क को $5,000 देने का वादा, मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप ने चला डिविडेंड कार्ड
वाशिंगटन डीसी (अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर (लगभग 4.15 लाख रुपये) का 'ट्रंप डिविडेंड' देने के अपने महत्वाकांक्षी वादे को एक बार फिर दोहराया है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट और डलास में रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिका में आ रहे ट्रिलियन डॉलर के आर्थिक विकास, विदेशी निवेश और टैरिफ राजस्व के दम पर यह भुगतान निश्चित रूप से होगा। हालांकि, उन्होंने इस बड़े नीतिगत दांव को आगामी नवंबर मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की जीत से भी सीधा जोड़ दिया है।
ट्रुथ सोशल पर विरोधियों पर साधा निशाना
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि विरोधी डेमोक्रेट्स इस प्रस्तावित लाभांश की तीखी आलोचना कर रहे हैं, क्योंकि वे उम्मीद कर रहे हैं कि इसे कभी लागू न किया जा सके। ट्रंप ने कहा, "हमारे देश में आ रहे ट्रिलियन डॉलर के आर्थिक विकास, निवेश और शुद्ध सफलता के कारण सभी अमेरिकी वयस्कों को दिया जाने वाला $5,000 का 'ट्रंप डिविडेंड' डेमोक्रेट्स की आलोचना का शिकार हो रहा है। वे उम्मीद कर रहे हैं कि यह कभी न हो—लेकिन यह होकर रहेगा!"
अतीत की सफलताओं और फैसलों का दिया हवाला
अपने इस आर्थिक वादे पर मुहर लगाते हुए ट्रंप ने अपने पिछले उन फैसलों का उदाहरण दिया, जिन्हें आलोचकों ने शुरुआत में असंभव बताया था। उन्होंने 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट' (OBBBA) का जिक्र किया, जिसे उन्होंने 4 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति के रूप में हस्ताक्षर कर कानून बनाया था। ट्रंप ने कहा, "उदाहरण के लिए, डेमोक्रेट्स ने कहा था कि 'द ग्रेट बिग ब्यूटीफुल बिल', जो कांग्रेस द्वारा पारित और राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित अब तक के सबसे बड़े विधेयकों में से एक है, का पारित होना असंभव है। लेकिन यह हुआ।"
उन्होंने अमेरिकी सैन्यकर्मियों को दिए गए वित्तीय लाभ का उदाहरण देते हुए आगे कहा, "इसी तरह पिछले साल हमारी सेना को दिया गया $1,776 का उपहार भी एक तरह से असंभव माना जा रहा था। हर किसी ने कहा कि यह नहीं हो सकता, लेकिन यह हुआ। हमारे सैन्य देशभक्तों को पैसा मिला और उन्होंने इसे बेहद पसंद किया।"
मिडटर्म चुनाव और 'ट्रंप डिविडेंड' का सीधा संबंध
ट्रंप ने इससे पहले गुरुवार को भी दावा किया था कि अमेरिका अन्य देशों पर लगाए गए सीमा शुल्क (टैरिफ) के जरिए खरबों डॉलर जुटा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जनकल्याणकारी योजना का भविष्य आगामी मिडटर्म चुनावों के नतीजों पर निर्भर करेगा। उन्होंने अमेरिकी नागरिकों से अपील करते हुए कहा, "जब मैं कुछ कहता हूं, तो मेरा मतलब वही होता है! $5,000 का यह डिविडेंड हर हाल में मिलेगा क्योंकि हमारे देश की जनता इसकी हकदार है। रिपब्लिकन को वोट दें।"
उन्होंने अपनी जनसभा में कहा, "अगर रिपब्लिकन मिडटर्म चुनाव जीतते हैं, तो हम हर वयस्क नागरिक को $5,000 का ट्रंप डिविडेंड देंगे। हम ऐसा इसलिए कर सकते हैं क्योंकि हमारा देश पहले से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। हमारे पास ट्रिलियन, ट्रिलियन डॉलर आ रहे हैं। इतिहास में कोई भी देश इसके आसपास भी नहीं पहुंचा है।"
टैक्स कटौती को स्थायी बनाने का संकल्प
डलास में रिपब्लिकन पार्टी के मिडटर्म कन्वेंशन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने अपने आर्थिक एजेंडे को विस्तार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने कार्यकाल में की गई ऐतिहासिक टैक्स कटौतियों को स्थायी बनाएगी, जबकि विपक्षी दल करों में भारी वृद्धि करना चाहते हैं। ट्रंप ने विपक्षी दल पर तंज कसते हुए कहा, "हम सभी ट्रंप टैक्स कट्स को स्थायी बनाने जा रहे हैं क्योंकि डेमोक्रेट्स इन सभी कर कटौतियों को खत्म करना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि आप बहुत अधिक टैक्स चुकाएं। मैंने अपनी पूरी जिंदगी में राजनेताओं को 'टैक्स कम करने' का वादा करते देखा है, लेकिन यह एकमात्र ऐसा समूह है जो खुले तौर पर आपसे भारी टैक्स बढ़ोतरी का वादा करता है।"
बाइडन प्रशासन पर हमला और 'गोल्डन एज' का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि जो बाइडन प्रशासन द्वारा पैदा की गई "अभूतपूर्व मुद्रास्फीति" के बावजूद, उन्होंने 19 महीनों के भीतर अपने हर चुनावी वादे को पूरा किया है। ट्रंप ने कहा, "दो साल से भी कम समय पहले अमेरिकी जनता ने हमें अमेरिका को बचाने का जनादेश दिया था। और केवल 19 महीनों में मैंने अपने हर एक वादे को पूरा किया है। जो बाइडन और कट्टरपंथी वामपंथी डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी इतिहास की सबसे खराब महंगाई पैदा की और हमारे शहरों को तबाही, गरीबी और हिंसा के केंद्र में बदल दिया।"
उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा, "हमने अमेरिका के उस काले दौर को बदलकर 'स्वर्ण युग' (Golden Age) में बदल दिया है। हमने देश के इतिहास में सबसे बड़ी टैक्स कटौती, नियमों में सबसे बड़ी ढील और अपनी सेना में सबसे बड़ा निवेश किया है, जिससे अमेरिका आज दुनिया की ऊर्जा और सैन्य महाशक्ति बन चुका है।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन की जीत पर हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 डॉलर देने का ट्रंप का वादा