तेल का मुनाफा नहीं, ईरान का परमाणु अंत मेरी प्राथमिकता: डोनाल्ड ट्रंप
वॉशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को लेकर अपनी सरकार के मुख्य उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता तेल की बढ़ती कीमतों से होने वाले आर्थिक फायदे पर नहीं, बल्कि लंबे समय की वैश्विक सुरक्षा पर है।
परमाणु कार्यक्रम को रोकना मुख्य लक्ष्य
व्हाइट हाउस की एक पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस समय दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है और तेल की कीमतें बढ़ने पर अमेरिका को आर्थिक फायदा होता है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनके प्रशासन का सबसे बड़ा लक्ष्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को स्थायी रूप से समाप्त करना है।
हमलों और जवाबी कार्रवाई से हालात गंभीर
यह बयान पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच आया है। हाल ही में अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को मौत हो गई थी। इसके जवाब में ईरान ने कई खाड़ी देशों में इज़राइल और अमेरिका से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे अहम समुद्री व्यापार मार्ग प्रभावित हुए और वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर असर पड़ा।
ईरान की सुलह के लिए तीन शर्तें
रिपोर्ट के अनुसार ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने संघर्ष खत्म करने के लिए तीन शर्तें रखी हैं। उन्होंने कहा कि तेहरान के वैध अधिकारों को मान्यता दी जाए, हुए नुकसान की भरपाई की जाए और भविष्य में किसी भी तरह के हमले के खिलाफ मजबूत अंतरराष्ट्रीय गारंटी दी जाए।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/notorious-snatcher-arrested-after-36-hour-police-operation/148876