ट्रंप ने शरीफ के सामने भारत और मोदी को सराहा
ट्रंप ने शरीफ के सामने भारत और मोदी को सराहा
कहा कि भारत एक महान देश
शर्म अल शेख। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यहां विश्व नेताओं के सम्मेलन में भारत को महान बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत एक महान देश है और मेरे एक बहुत अच्छे दोस्त वहीं शीर्ष पर हैं। उन्होंने शानदार काम किया है। ट्रंप ने जब यह बयान दे रहे थे उस समय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी वहीं मौजूद थे। ट्रंप ने मिस्र के शहर शर्म अल-शेख में विश्व नेताओं के शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी की तारीफ की। गाजा में युद्धविराम समझौते के बाद आयोजित इस सम्मेलन में ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना बहुत अच्छा मित्र करार दिया और भारत की तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि भारत एक महान देश है और उसके शीर्ष पर मेरा एक बहुत अच्छा मित्र है, जिसने शानदार काम किया है। मुझे लगता है कि भारत और पाकिस्तान अब बहुत अच्छे से साथ रहेंगे। जब ट्रंप पीएम मोदी की तारीफ कर रहे थे तब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ उनके पीछे ही खड़े थे। मोदी की तारीफ करते समय ट्रंप ने शहबाज की ओर भी देखा। इस पर शरीफ ने मुस्कुराते हुए ट्रंप की बात का स्वागत किया।
बंधकों का पुनर्मिलन हो रहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वर्षों की पीड़ा और रक्तपात के बाद, गाजा में युद्ध समाप्त हो गया है। अब मानवीय सहायता पहुंच रही है, जिसमें सैकड़ों ट्रक भरकर भोजन, चिकित्सा उपकरण और अन्य सामग्री शामिल है। इसका अधिकांश भुगतान इस कमरे में बैठे लोगों द्वारा किया जा रहा है। नागरिक अपने घरों को लौट रहे हैं। बंधकों का पुनर्मिलन हो रहा है। एक नए और खूबसूरत दिन को उगते देखना बहुत ही सुंदर है और अब पुनर्निर्माण शुरू हो रहा है। हम सभी सहमत हैं कि गाजा का समर्थन लोगों के उत्थान के लिए ही किया जाना चाहिए। सहमति इस बात पर भी है कि गाजा के पुनर्निर्माण के लिए इसे विसैन्यीकृत किया जाए और गाजा में लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए एक नए ईमानदार नागरिक पुलिस बल की स्थापना की जाए। ट्रंप ने कहा-'मैं एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने में भागीदार बनने का इरादा रखता हूं। उम्मीद है कि तीसरा विश्व युद्ध नहीं होगा, लेकिन यह मध्य पूर्व में शुरू नहीं वाला है। हम तीसरा विश्व युद्ध नहीं लड़ेंगे।'
कीर्ति वर्धन सिंह ट्रंप से मिले
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने की ट्रंप से मुलाकात. इस शिखर सम्मेलन की संयुक्त रूप से मेजबानी संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने की और इसमें कई विश्व नेताओं ने भाग लिया। भारत ने इस्राइल और हमास के बीच युद्ध विराम और गाजा में शांति के लिए समझौते का स्वागत किया है। साथ ही उम्मीद जताई कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। विदेश मंत्रालय ने देर रात जारी बयान में बातचीत द्वारा दो राष्ट्र समाधान के प्रति भारत के दीर्घकालिक समर्थन को दोहराया तथा कहा कि वह क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए सभी प्रयासों का समर्थन करेगा।
शहबाज शरीफ ने ट्रंप को नोबल की मांग दोहराई
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप को ‘शांति दूत’ बताते हुए शिखर सम्मेलन में कहा कि मध्य पूर्व में शांति स्थापित होने का श्रेय राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम को जाता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पहले भी ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया था और अब वे उन्हें दोबारा नामित करना चाहते हैं।