डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला से 10 लाख बैरल मुफ्त ते

'वेनेजुएला बन सकता है अमेरिका का 51वां राज्य', डोनाल्ड ट्रंप ने दिया चौंकाने वाला बयान

US President Donald Trump

टेक्सास (अमेरिका)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने नए बयान से वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है। टेक्सास में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला जल्द ही अमेरिका का 51वां राज्य बन सकता है। दोनों देशों के बीच तेजी से बढ़ रहे तेल व्यापार समझौते के बीच उन्होंने यह टिप्पणी की है।

10 लाख बैरल मुफ्त तेल की पहली खेप पहुंची अमेरिका

टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी शहर में मिडटर्म चुनावी रैली के दौरान समर्थकों में जोश भरते हुए ट्रंप ने कहा, "मैं वेनेजुएला का धन्यवाद करना चाहता हूं। उनके साथ हमारे संबंध अब बेहद मजबूत और शानदार दौर में पहुंच चुके हैं।"

वाशिंगटन और काराकास (वेनेजुएला की राजधानी) के बीच हुए नए समझौते के तहत 10 लाख (1 मिलियन) बैरल मुफ्त कच्चे तेल की पहली खेप अमेरिका पहुंच गई है। ट्रंप ने इस सफलता को रणनीतिक जीत करार दिया।

'ग्लोबल ऑयल सप्लाई पर हमारा नियंत्रण'

इस ऐतिहासिक सप्लाई पर खुशी जताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस डील के बाद अब दुनिया के एक बड़े तेल भंडार पर अमेरिका का सीधा नियंत्रण हो गया है। उन्होंने साफ किया कि वेनेजुएला से आने वाले इस क्रूड ऑयल को कहीं और नहीं, बल्कि टेक्सास की रिफाइनरियों में ही प्रोसेस किया जाएगा।

ट्रंप के मुताबिक, विदेशी निवेश के जरिए वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था भी फिर से पटरी पर लौट रही है और वहां स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए साधन बन रहे हैं।

राष्ट्रपति नहीं, अब वेनेजुएला में होगा गवर्नर का चुनाव?

दोनों देशों के बीच नजदीकी और ऊर्जा साझेदारी का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम अपने देश के लिए वहां से भारी मात्रा में तेल निकाल रहे हैं। वेनेजुएला जल्द ही एक बेहद समृद्ध देश बनेगा। और कौन जानता है? शायद बहुत जल्द यह अमेरिका का समृद्ध 51वां राज्य ही बन जाए। ऐसा होना बिल्कुल मुमकिन है।"

संबोधन के दौरान ट्रंप ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए वेनेजुएला के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव का विचार भी उछाल दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए समर्थकों से पूछा, "क्यों न हम इसे 51वां राज्य बना लें? वहां राष्ट्रपति का चुनाव कराने के बजाय एक अमेरिकी गवर्नर चुन लेते हैं। आपका क्या ख्याल है? वैसे भी, उनके पास तेल का अटूट खजाना है।"

ग्रीनलैंड और कनाडा पर भी पहले दे चुके हैं ऐसा बयान

विदेशी क्षेत्रों को अमेरिकी क्षेत्र में मिलाने की ट्रंप की यह ख्वाहिश कोई नई नहीं है। इससे पहले भी वह कनाडा को अमेरिका में शामिल करने और डेनमार्क से ग्रीनलैंड खरीदने जैसे बयानों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद खड़ा कर चुके हैं। चालू वर्ष की शुरुआत में भी उन्होंने वेनेजुएला को अमेरिकी संघ का हिस्सा बनाने पर "गंभीरता से विचार" करने की बात कही थी। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: ट्रंप का ओबामा पर पलटवार, बोले- 'चीज़केक फैक्ट्री' से तुलना बताती है कि वह घटिया राष्ट्रपति क्यों थे