होर्मुज स्ट्रेट में वाणिज्यिक जहाज पर ईरानी ड्रोन

होर्मुज स्ट्रेट में तनाव: अमेरिकी सेना ने किया पलटवार, ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति

वॉशिंगटन डीसी / तेहरान: मध्य पूर्व में युद्धविराम के उल्लंघन को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को ईरान को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि समझौते का उल्लंघन करने के परिणाम भुगतने पड़ेंगे या नहीं, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

ट्रंप ने वाणिज्यिक जहाज पर हमले की कड़ी निंदा की

ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर ईरान द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "आपको जल्द ही सब पता चल जाएगा। मुझे यह बात बिल्कुल पसंद नहीं आई कि उन्होंने कल एक नहीं बल्कि चार गोले दागे। हमने उनमें से तीन को हवा में ही मार गिराया... लेकिन एक बहुत महंगा जहाज क्षतिग्रस्त हो गया। उन्हें ऐसा कतई नहीं करना चाहिए था..."

अमेरिकी सेना का ईरान पर बड़ा हवाई हमला

राष्ट्रपति ट्रंप के बयान के बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पुष्टि की है कि 26 जून की सुबह अमेरिकी बलों ने ईरान के खिलाफ एक जोरदार जवाबी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई 25 जून को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे सिंगापुर के ध्वज वाले मालवाहक जहाज 'एम/वी एवर लवली' पर ईरानी ड्रोन हमले के जवाब में की गई है।

ईरान ने किया एकतरफा आत्मघाती ड्रोन से हमला: सेंटकॉम

अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने ईरान के भीतर घुसकर निम्नलिखित ठिकानों को तबाह कर दिया। इनमें ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थल और तटीय रडार साइटें शामिल हैं। सेंटकॉम ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि जब ईरान ने एकतरफा आत्मघाती ड्रोन से हमला किया, तब यह मालवाहक जहाज ओमान तट के पास अंतरराष्ट्रीय गलियारे से बाहर निकल रहा था। अमेरिकी सेना ने इसे युद्धविराम का स्पष्ट उल्लंघन और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता पर हमला बताया है।

ईरान की अरब देशों को खुली धमकी

दूसरी तरफ, अमेरिकी जवाबी कार्रवाई से भड़के ईरान ने क्षेत्र के अरब देशों को खुली धमकी दी है। ईरान की इस्लामी सलाहकार सभा के सदस्य इब्राहिम अज़ीज़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के नेताओं को चेतावनी देते हुए लिखा, "जीसीसी नेताओं के लिए चेतावनी: अपनी सुरक्षा का जिम्मा दूसरों (अमेरिका) को सौंपने से आप खुद असुरक्षित हो गए हैं। आपने देख लिया कि आपके देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे सुरक्षा देने के बजाय अब खतरे का स्रोत बन चुके हैं। हमारी मिसाइल-ड्रोन क्षमता और होर्मुज जलडमरूमध्य का प्रबंधन, ईरान के लिए गंभीर 'रेड लाइन' हैं। क्षेत्रीय सुरक्षा का एकमात्र रास्ता यही है कि आप अमेरिका से दूरी बना लें।"

जहाजों को सुरक्षित मार्ग देने के लिए अमेरिकी बल सतर्क

फिलहाल, अमेरिकी सेंटकॉम बलों ने कहा है कि वे होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और ईरान के साथ हुए समझौते का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुस्तैद हैं।