ब्रिटेन में हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनी

ब्रिटेन में हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली ठप, 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द

UK Air Traffic Control Glitch, 1,000+ Flights Cancelled

लंदन:  ब्रिटेन में मंगलवार को हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में आई तकनीकी समस्या के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं जिससे यात्रियों को घंटों विमानों के अंदर तथा हवाई अड्डों के टर्मिनल में फंसे रहना पड़ा। उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24’ ने यह जानकारी दी।

15 से अधिक हवाई अड्डे प्रभावित

ब्रिटेन की ‘नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज’ (एनएटीएस) ने बताया कि शाम तक हालांकि उड़ानों की ‘प्रोसेसिंग प्रणाली’ में आई समस्या को ठीक कर लिया गया लेकिन इसका असर ब्रिटेन के कम से कम 15 हवाई अड्डों और अन्य स्थानों तक दिखाई दिया। जोसी डोनोग्यू नामक यात्री गैटविक हवाई अड्डे पर अपने विमान में करीब तीन घंटे तक फंसी रहीं, जिसके बाद आयरलैंड जाने वाली उनकी रयानएयर की उड़ान रद्द कर दी गई। उन्होंने कहा, ‘‘उस हवाई अड्डे से बाहर निकलना ऐसा था जैसे अल्काट्राज़ से भागने की कोशिश करना।’’ उनका इशारा सैन फ्रांसिस्को खाड़ी में स्थित कुख्यात पूर्व जेल की ओर था।

हीथ्रो पर आने वाली उड़ानें पूरी रात रोकी गईं

लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ानों का प्रस्थान फिर शुरू हो गया, लेकिन आने वाली उड़ानों को पूरी रात के लिए रोक दिया और यात्रियों को आगे भी देरी होने की सूचना दी गई। हीथ्रो से बाल्टीमोर जाने वाली ब्रिटिश एयरवेज की एक उड़ान के यात्रियों को करीब चार घंटे इंतजार करने के बाद विमान से उतार दिया गया। लंबे इंतजार के दौरान चालक दल ने यात्रियों को पास्ता और चिकन करी परोसी। कुछ यात्रियों ने फिल्में देखीं, जबकि अन्य विमान के गलियारों में टहलते रहे। लेकिन विमान से उतरने के बाद भी उनकी परेशानी खत्म नहीं हुई। सामान एकत्र करने वाले स्थान पर अफरा-तफरी की स्थिति थी और यात्रियों को बताया गया कि वहां सामान के संबंध में मदद करने के लिए कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं है।

ब्रिटिश एयरवेज की 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित

ब्रिटिश एयरवेज ने बताया कि उसे 100 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं या उनका मार्ग परिवर्तित करना पड़ा। वहीं, रयानएयर ने कहा कि उसके 65,000 से अधिक यात्री प्रभावित हुए और उसने 50 से अधिक निर्धारित उड़ानें रद्द कर दीं।

एयरलाइन ने घटना को बताया नियंत्रण से बाहर

ब्रिटिश एयरवेज के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘समस्या की गंभीरता के कारण इसका असर आगे भी काफी व्यापक रहेगा।’’ उन्होंने कहा कि यह घटना पूरी तरह एयरलाइन के नियंत्रण से बाहर थी और यात्रियों तथा कर्मचारियों के लिए बेहद निराशाजनक रही, क्योंकि कई विमान और चालक दल अपने निर्धारित स्थानों पर नहीं पहुंच पाए।

यात्रियों ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर विमानों में घंटों फंसे रहने और एयरलाइंस की ओर से पर्याप्त जानकारी नहीं दिए जाने की शिकायत की।

यह भी पढ़: वृंदावन में आयोजित 'श्री कृष्ण नेशनल आर्ट वर्कशॉप' में कलाकारों ने कैनवास पर उतारी राधा-कृष्ण की भक्ति