मॉस्को-कीव में हमलों पर अस्थायी रोक: ट्रंप के दूतों की पुतिन संग 3 घंटे चली मैराथन बैठक के बाद यूक्रेन पहुंचेगी टीम
कीव (यूक्रेन)। रूस-यूक्रेन युद्ध में जारी भीषण गतिरोध के बीच एक बड़ा कूटनीतिक मोड़ सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूतों की मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भरोसेमंद माहौल में हुई लंबी और स्पष्ट बातचीत के बाद यूक्रेन ने मॉस्को पर हवाई हमले अस्थायी रूप से रोकने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुश्नर अब पुतिन का संदेश और स्थायी शांति की संभावनाओं से जुड़ा आकलन लेकर रविवार को कीव पहुंच रहे हैं। इससे दोनों देशों के बीच औपचारिक संवाद की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
जेलेंस्की का ऐलान: 'सोमवार तक मॉस्को पर हमले नहीं करेगा यूक्रेन'
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि अमेरिकी विशेष दूतों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुश्नर के साथ टेलीफोनिक वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया है। जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि कीव राजनयिक वार्ताओं में शामिल रूसी शहरों को निशाना न बनाने की रणनीति पर अमल करने को तैयार है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अपने बयान में कहा, "अब से लेकर शनिवार के अंत तक, साथ ही रविवार और सोमवार को यूक्रेन मॉस्को पर किसी भी प्रकार के हमले करने से परहेज करने के लिए तैयार है।" जेलेंस्की ने यह भी जोड़ा कि यूक्रेन का यह कदम एकतरफा नहीं है और उनका प्रशासन उम्मीद करता है कि रूस भी कीव के प्रति ऐसे ही जवाबी और सकारात्मक कदम उठाएगा।
क्रेमलिन में 3 घंटे 10 मिनट तक चली मैराथन बैठक
इससे पहले, अमेरिकी दूतों विटकॉफ और कुश्नर ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। रूसी समाचार एजेंसी 'तास' (TASS) के मुताबिक, क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने रविवार तड़के पुष्टि की कि पुतिन और अमेरिकी दूतों के बीच यह बातचीत बेहद गंभीर, रचनात्मक और स्पष्ट माहौल में संपन्न हुई। उशाकोव के अनुसार, वर्किंग फॉर्मेट और डिनर टेबल पर चली यह बैठक कुल 3 घंटे 10 मिनट तक खिंची। चीनी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' (Xinhua) की रिपोर्ट के अनुसार, इस उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने दोहराया कि मॉस्को, यूक्रेन संकट के समाधान के लिए अमेरिका के साथ राजनीतिक और राजनयिक रास्तों पर आगे बढ़ने को पूरी तरह तत्पर है।
युद्धक्षेत्र की स्थिति और आर्थिक साझेदारी पर भी मंथन
क्रेमलिन सलाहकार ने बताया कि बैठक के दौरान रूस ने अपने 'स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन' की वर्तमान जमीनी स्थिति का व्यापक और स्पष्ट आकलन अमेरिकी प्रतिनिधियों के सामने रखा। यूरी उशाकोव ने वार्ता के प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित करते हुए कहा, "विशेष रूप से, युद्धक्षेत्र में रूसी सेना की वास्तविक बढ़त का संज्ञान लिया गया; निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने पर भरोसा जताया गया और संघर्ष के सभी मूल कारणों को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।" वार्ता का दायरा केवल सैन्य संघर्ष तक सीमित नहीं रहा। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय आर्थिक मुद्दों और उन संभावित बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी विस्तार से चर्चा की, जिनसे भविष्य में रूस और अमेरिका दोनों को साझा लाभ मिल सकता है।
पुतिन का शांति संदेश लेकर कीव रवाना अमेरिकी टीम
उशाकोव ने इस बैठक को 'समयोचित और दोनों देशों के लिए बेहद उपयोगी' करार दिया। उन्होंने पुष्टि की कि दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच सीधा व्यक्तिगत संपर्क बना रहेगा और विटकॉफ व कुश्नर के माध्यम से यह कूटनीतिक संवाद आगे भी जारी रहेगा। सीएनएन (CNN) के अनुसार, मॉस्को में वार्ता समाप्त करने के बाद अमेरिकी दूत रविवार को कीव में यूक्रेनी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। उशाकोव ने बताया कि अमेरिकी राजनयिकों ने सहमति जताई है कि वे पुतिन से मिले सीधे आकलनों और स्थायी शांति समझौते की संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को यूक्रेनी राष्ट्रपति के सामने रखेंगे।
पुतिन ने पहले ही दे दिया था हमलों पर रोक का आदेश
गौरतलब है कि अमेरिकी मध्यस्थों के साथ वार्ता की जमीन तैयार करने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहले ही कीव के खिलाफ हवाई हमलों पर तीन दिन की अस्थायी रोक लगाने का आदेश दे दिया था। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शनिवार को ही इसकी घोषणा कर दी थी। बैठक से पहले स्थिति स्पष्ट करते हुए दिमित्री पेसकोव ने पत्रकारों से कहा था, "राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठक निश्चित रूप से होगी और बातचीत आगे बढ़ेगी। अमूमन ऐसी बैठकें काफी लंबी चलती हैं। हमें थोड़ा इंतजार करना चाहिए, हम आपको हर घटनाक्रम से अवगत कराते रहेंगे।"
पेसकोव ने मीडिया और विश्लेषकों को किसी भी शांति प्रस्ताव को लेकर जल्दबाजी में कयास न लगाने की सलाह दी थी और कहा था कि पूरी तस्वीर अमेरिकी वार्ताकारों के साथ पुतिन की चर्चा के नतीजे सामने आने के बाद ही साफ होगी। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: पुतिन ने अमेरिकी दूतों से की मुलाकात, बोले- रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान कठिन, लेकिन प्रयास जारी