अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे कार्गो जहाज को किया निष्क्रिय
वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की सेनाओं ने ओमान की खाड़ी में एक कमर्शियल कार्गो जहाज को सटीक हवाई हमले (Precision Airstrikes) के जरिए निष्क्रिय कर दिया है।
अमेरिकी सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि सेंट किट्स के झंडे वाले जहाज M/V हुडा (M/V Huda) के चालक दल ने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
सटीक निशाना बनाकर जहाज को किया ठप
CENTCOM द्वारा शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अमेरिकी सैन्य विमान ने जहाज के पिछले हिस्से (Stern) को निशाना बनाते हुए गाइडैंस हथियारों से हमला किया। इससे जहाज आगे बढ़ने में पूरी तरह असमर्थ हो गया।
हमले से ठीक पहले CENTCOM कर्मियों ने नागरिक चालक दल को जान-माल के नुकसान से बचाने के लिए जहाज के लक्षित हिस्सों को तुरंत खाली करने के सीधे निर्देश दिए थे।
बयान में कहा गया, "7 नवंबर को ओमान की खाड़ी में CENTCOM बलों ने एक कमर्शियल जहाज को निष्क्रिय कर दिया। इसके चालक दल ने ईरान विरोधी समुद्री नाकेबंदी का बार-बार उल्लंघन करने की कोशिश की थी।"
ईरानी बंदरगाह से लौट रहा था जहाज
यह कार्गो जहाज एक ईरानी बंदरगाह पर रुकने के बाद क्षेत्रीय जल क्षेत्र से बाहर निकलने की फिराक में था, तभी अमेरिकी बलों ने इसे बीच रास्ते में घेर लिया। CENTCOM ने स्पष्ट किया कि वह ईरान पर थोपे गए समुद्री प्रतिबंधों को बेहद सख्ती से लागू कर रहा है।
जुलाई से अब तक की कार्रवाई के आंकड़े
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जुलाई से जारी इस नाकेबंदी अभियान के दौरान नियमों का पालन करने वाले 147 कमर्शियल जहाजों का रास्ता बदला गया है। वहीं, रुकने से इनकार करने वाले 5 व्यापारिक जहाजों को सैन्य कार्रवाई में निष्क्रिय कर दिया गया।
इसके अलावा, अमेरिकी बलों ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अरबों डॉलर वाले गुप्त समुद्री 'शैडो नेटवर्क' का हिस्सा रहे 10 ईरानी कमर्शियल तेल टैंकरों को भी पहले नष्ट किया है।
नौसैनिकों को अमेरिकी सेना की चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद अमेरिकी सैन्य कमान ने कड़ा परामर्श जारी किया है। सेना ने कहा, "ईरानी तटीय क्षेत्रों या आसपास के जलमार्गों से गुजरने वाले सभी कमर्शियल ऑपरेटर और नाविक अमेरिकी बलों की नाकेबंदी चेतावनियों का अनिवार्य रूप से पालन करें।"
जमीनी सप्लाई रोकने को बना नया टास्क फोर्स
एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, CENTCOM ने एक नए टास्क फोर्स के गठन का ऐलान किया है। यह टास्क फोर्स ईरान द्वारा जमीनी रास्तों से उन्नत हथियारों, दोहरे उपयोग वाली तकनीकों (Dual-Use Technologies) और प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी को रोकने का काम करेगा।
वाशिंगटन का सीधा लक्ष्य तेहरान के सैन्य आपूर्ति नेटवर्क पर हर तरफ से शिकंजा कसना है। (इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में इरान युद्ध रोकने का प्रस्ताव पारित