अमेरिका और ईरान के बीच अगले हफ्ते फिर वार्ता संभव
वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में जहां तक जल्दी हो सके अगले हफ्ते फिर बातचीत शुरू हो सकती है। 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने इस संबंध में जानकारी रखने वालों के हवाले यह खबर दी है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों देश मध्यस्थों के माध्यम से एक पेज के 14 प्वाइंट के समझौता ड्राफ्ट पर काम कर रहे हैं। इससे टकराव खत्म करने के लिए एक महीने तक चलने वाली औपचारिक वार्ता का रास्ता खुल सकता है।
14 सूत्रीय ड्राफ्ट में परमाणु और सुरक्षा मुद्दों पर फोकस
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की तरफ से प्रस्तावित 14 बिंदुओं वाले ड्राफ्ट में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट में तनाव कम करने और ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार को किसी दूसरे देश भेजने जैसे मुद्दे शामिल हैं। हालांकि कई मुद्दे अब भी नहीं सुलझ पाए हैं।
ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम पर झुकने से इनकार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें ईरान की तरफ से जल्द जवाब मिलने की उम्मीद है। अगर बातचीत आगे बढ़ी तो सीजफायर को और लंबा किया जा सकता है। साथ ही 'अल जजीरा' की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम या हाईली एनरिच्ड यूरेनियम पर कोई समझौता नहीं करेगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-stresses-respect-based-foreign-policy/203078